गया जी (बिहार) : बिहार की सियासत से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। कुर्था विधानसभा क्षेत्र के पूर्व राजद विधायक और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री बागी कुमार वर्मा के निधन पर राजद समर्थकों, कार्यकर्ताओं और राजनीतिक जगत से जुड़े लोगों ने गहरा दुख जताया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने उनके जीवन और राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि स्वर्गीय बागी कुमार वर्मा बिहार की राजनीति में एक जुझारू और जनप्रिय नेता के तौर पर पहचाने जाते थे। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत को ऐसी क्षति हुई है जिसकी भरपाई भविष्य में संभव नहीं दिखाई देती।
राष्ट्रीय जनता दल गया जिला अध्यक्ष सुभाष यादव ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि स्वर्गीय बागी कुमार वर्मा एक अभिभावक की तरह थे। वह पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को हमेशा मार्गदर्शन दिया करते थे। उन्होंने कहा कि उनका निधन न सिर्फ पार्टी बल्कि पूरे राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
सुभाष यादव ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और इस दुख की घड़ी में परिवार को हिम्मत और सब्र अता हो।
जैसे ही उनके निधन की खबर फैली, वैसे ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक और कार्यकर्ता श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
मखदुमपुर के पप्पू कुमार सिंह ने कहा कि स्वर्गीय बागी कुमार वर्मा उनके लिए बड़े भाई जैसे थे। उन्होंने मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर विधायक बनने के बाद बिहार सरकार में मंत्री के तौर पर भी काम किया।
उन्होंने बताया कि बागी कुमार वर्मा बेहद मृदुभाषी और अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने वाले इंसान थे। उनका निधन बिहार की राजनीति के एक अहम दौर के अंत जैसा है।
इस मौके पर कई समर्थकों, कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों और राजनीतिक लोगों ने भी दुख जताया और कहा कि उनके जाने से पार्टी और समाज को बड़ी क्षति पहुंची है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
