औरंगाबाद (बिहार), 20 नवंबर 2026: शुक्रवार को हरि प्रबोधिनी एकादशी के पावन अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों में श्रद्धा और उल्लास के साथ माता तुलसी विवाह का आयोजन किया गया। हर साल की तरह इस बार भी लोगों ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रसाद वितरण किया।
परंपरा के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि पर पूजा-पाठ के बाद संध्या समय भगवान श्रीहरि विष्णु और माता लक्ष्मी के स्वरूप में माता तुलसी महारानी की पूजा की गई। इस दौरान ईख अर्पित करने की परंपरा भी निभाई गई। गया जी जिले में ईख को ‘केतारी’ के नाम से जाना जाता है, जबकि दूसरे इलाकों में इसे गन्ना कहा जाता है। पूजा के बाद इसे प्रसाद के रूप में परिवार के सभी सदस्यों ने ग्रहण किया।

इस वर्ष तुलसी विवाह का अवसर एक और वजह से खास रहा। कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी यानी तुलसी विवाह के दिन से ही मांगलिक कार्यक्रमों का शुभ लग्न भी शुरू हो गया। इसके चलते कई जगहों पर रिंग सेरेमनी और विवाह समारोह आयोजित किए गए। औरंगाबाद जिले में भी धार्मिक उत्सव के साथ कई परिवारों में शादी-विवाह की खुशियां देखने को मिलीं।
एपीपी राजाराम चौधरी के छोटे पुत्र की हुई रिंग सेरेमनी
इसी सिलसिले में जिला मुख्यालय औरंगाबाद निवासी अपर लोक अभियोजक (एपीपी) राजाराम चौधरी के छोटे पुत्र पंकज कुमार की रिंग सेरेमनी रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन स्थित पाली रोड के एक निजी होटल में धूमधाम से आयोजित की गई। इस समारोह में दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग शामिल हुए और वर-वधू को शुभकामनाएं दीं।
बताया गया कि पंकज कुमार भारत सरकार के वित्त विभाग में अभियंता के पद पर नई दिल्ली में कार्यरत हैं। वहीं, उनकी होने वाली जीवनसंगिनी अंशु कुमारी बीएड की डिग्री प्राप्त कर चुकी हैं। उनका मायका रोहतास जिले के बेरकप गांव में है।
राजाराम चौधरी के परिवार की बात करें तो उनके बड़े पुत्र सुबोध कुमार राजस्व विभाग में बड़ा बाबू के पद पर कार्यरत हैं। उनकी बड़ी बहू संजू कुमारी सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, राजाराम चौधरी की पत्नी देव प्रखंड के मध्य विद्यालय केताकी में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं।

अखिलेश पासवान के पुत्र मनीष कुमार का पूजा कुमारी से हुआ विवाह
दूसरी ओर, हरि प्रबोधिनी एकादशी और तुलसी विवाह के शुभ अवसर पर शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के एससी/एसटी प्रकोष्ठ के जिला प्रधान महासचिव अखिलेश पासवान के बड़े पुत्र मनीष कुमार का विवाह पूजा कुमारी के साथ संपन्न हुआ। यह विवाह समारोह बिजौली स्थित एक पैलेस होटल में आयोजित किया गया।
मनीष कुमार 10+2 विद्यालय में जूलॉजी विषय के शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, उनकी जीवनसंगिनी पूजा कुमारी भी एक उच्च विद्यालय में गणित विषय की शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं।
इस विवाह समारोह में औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के इंडिया गठबंधन समर्थित राष्ट्रीय जनता दल के सांसद अभय कुमार कुशवाहा समेत कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने शिरकत की।
विवाह समारोह में कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां हुईं शामिल
समारोह में नबीनगर विधानसभा क्षेत्र संख्या 221 के पूर्व लोजपा और राजद विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह, वर्तमान भाजपा विधान पार्षद दिलीप कुमार सिंह के पुत्र विकास कुमार सिंह, भाजपा के पूर्व विधान पार्षद राजन सिंह भी शामिल हुए।

इसके अलावा लोजपा (रामविलास) एससी/एसटी प्रकोष्ठ के जिला महासचिव और नगर परिषद औरंगाबाद के वार्ड नंबर 04 के पार्षद राजू पासवान, राजद नेता उदय कुमार उज्ज्वल, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष चंद्र भूषण कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह ने भी समारोह में शिरकत की।
वहीं, नगर परिषद औरंगाबाद के चेयरमैन उदय कुमार गुप्ता, उप चेयरमैन मोहम्मद एहसान, नगर पंचायत नबीनगर के प्रमुख, कुटुंबा के प्रमुख धर्मेंद्र चंद्रवंशी समेत कई गणमान्य लोग, मुखिया और पैक्स अध्यक्ष भी विवाह समारोह में शामिल हुए।
इस तरह 20 नवंबर को तुलसी विवाह के पावन अवसर पर औरंगाबाद जिले में धार्मिक आस्था के साथ पारिवारिक खुशियों का भी माहौल देखने को मिला। कहीं रिंग सेरेमनी के जरिए नए रिश्ते की शुरुआत हुई तो कहीं विवाह समारोह में वर-वधू ने एक-दूसरे का जीवनसाथी बनने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
