औरंगाबाद (बिहार), 19 नवंबर 2026: रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या-224 के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक एवं समाजसेवी प्रमोद कुमार सिंह ने चौबड़ा पंचायत के चरकुपा गांव पहुंचकर दिवंगत मोहम्मद सिकंदर खां के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवार के सदस्यों से मिलकर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस मुश्किल घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।
इस दौरान विधायक ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान हो।
मुलाकात के दौरान संवाददाता ने विधायक प्रमोद कुमार सिंह से सिकंदर खां के साथ हुई घटना और पीड़ित परिवार की न्याय की मांग को लेकर सवाल पूछे। इस पर उन्होंने घटना को दुखद और निंदनीय बताते हुए कहा कि सिकंदर खां किसी की जान बचाने के लिए अस्पताल गए थे। उन्होंने कहा कि राजा चौधरी इस मामले के चश्मदीद गवाह हैं। उन्हीं ने फोन करके सिकंदर खां को अस्पताल बुलाया था।
विधायक ने कहा कि अस्पताल पहुंचने के बाद सिकंदर खां के साथ जिस तरह की घटना हुई, उसकी जितनी निंदा की जाए, कम है। उन्होंने कहा कि यह सुशासन की सरकार है और यहां पुलिस न तो किसी को झूठे मामले में फंसाती है और न ही किसी को बचाती है। गलत काम करने वाला व्यक्ति किसी भी सूरत में बच नहीं पाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव मदद का भरोसा
जब संवाददाता ने विधायक से पूछा कि पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है, ऐसे में वे इस मामले में क्या कहना चाहेंगे, तो उन्होंने जवाब दिया कि अब न्यायालय के माध्यम से ही न्याय मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे और उनके साथी पूरे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।
प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि अगर परिवार को कहीं भी ऐसा महसूस होता है कि उसे न्याय नहीं मिल रहा है, तो वह उन्हें फोन करके जानकारी दे सकता है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर परिवार को पूरा सहयोग दिया जाएगा और वे हर हाल में पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहेंगे।
क्या है सिकंदर खां से जुड़ा पूरा मामला?
मामला औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र के नोनिया टोला मोहल्ले स्थित केपी मेमोरियल अस्पताल से जुड़ा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मंगलवार 10 नवंबर 2026 की मध्य रात्रि करीब 11 से 12 बजे के बीच अस्पताल के संचालक डॉ. रंजीत यादव पर मोहम्मद सिकंदर खां को एक कमरे में बंद करके बुरी तरह मारपीट करने का आरोप लगा था। इस घटना में सिकंदर खां गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इस घटना के बाद 12 नवंबर 2026 को सिकंदर खां की मौत होने की अफवाह फैल गई थी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने केपी मेमोरियल अस्पताल में तोड़फोड़ की और अस्पताल की एंबुलेंस समेत अन्य सामान में आग लगा दी थी।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर भी उपद्रवियों द्वारा पथराव किए जाने की बात सामने आई थी। इसके अलावा अग्निशमन विभाग की गाड़ी को भी पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। काफी समझाने-बुझाने के बाद उग्र लोगों को शांत कराया गया था।
उस समय पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में बचे हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी किए जाने और कांड का स्पीडी ट्रायल कराने का भरोसा दिया गया था। हालांकि, बाद में पटना के अस्पताल में इलाज के दौरान मोहम्मद सिकंदर खां की मौत हो गई।
बताया जाता है कि सिकंदर खां किसी जरूरतमंद मरीज की जान बचाने के मकसद से रक्तदान करने के लिए केपी मेमोरियल अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
अब इस मामले में पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है। इसी सिलसिले में जदयू विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
