कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के जोरदार भूकंप से 111 लोगों की मौत, कई इमारतें ढहीं

Share this News

कोलंबिया, 10 अगस्त 2026: कोलंबिया में सोमवार को 7.4 तीव्रता के जोरदार भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 111 हो गई है, जबकि कई इमारतें ढह गई हैं। कैली में कम से कम 20 इमारतों के ढहने और उनमें लोगों के फंसे होने की जानकारी मिली है। भूकंप के चलते कई हवाई अड्डों पर भी उड़ानें प्रभावित हुईं।

अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप 12:34 यूटीसी, यानी स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 7:34 बजे आया। इसका केंद्र कोलंबिया के चोको विभाग में सैन जोस डेल पालमार से करीब 5 किलोमीटर पूर्व में था। भूकंप करीब 107 किलोमीटर की गहराई में आया।

पेरेरा के मेयर ने बताया कि भूकंप में शहर में 18 लोगों की मौत हुई है। वहीं, मनिजालेस के मेयर ने बीएलयू रेडियो को बताया कि शहर में दो लोगों की जान गई है। अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने भूकंप के बाद सुनामी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की।

भूकंप के तेज झटके कोलंबिया के कई हिस्सों में महसूस किए गए। पड़ोसी देश वेनेजुएला में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए।

कैली में 20 इमारतें ढहीं, लोग फंसे

भूकंप के बाद तबाही और नुकसान की तस्वीर धीरे-धीरे सामने आने लगी। कैली के मेयर अलेजांद्रो एदेर ने बताया कि शहर में कम से कम 20 इमारतें ढह गई हैं और कुछ इमारतों में लोग फंसे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि राहत और बचाव दल मौके पर काम कर रहे हैं। इसके साथ ही बोगोटा और मेडेलिन के मेयरों से भी बचाव दल भेजने का अनुरोध किया गया है।

कैली के मेयर ने लोगों से शांत रहने और अपनी इमारतों में किसी भी तरह के नुकसान की जांच करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं या इमारत में बड़ी दरारें दिखाई दे रही हैं तो उन्हें तुरंत वहां से बाहर निकल जाना चाहिए।

चोको की गवर्नर नूबिया कैरोलिना कोरदोबा-कुरी ने बताया कि भूकंप से क्विब्दो में इमारतों को काफी नुकसान पहुंचा है और कई लोग घायल हुए हैं। उन्होंने संभावित आफ्टरशॉक को लेकर भी चिंता जताई है।

हवाई सेवाएं भी प्रभावित

भूकंप के कारण कोलंबिया के कई हिस्सों में हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं। विमानन अधिकारियों के मुताबिक, पेरेरा, मनिजालेस, क्विब्दो, आर्मेनिया, कार्टागो और बुएनावेंतुरा के हवाई अड्डों को नुकसान पहुंचा है।

यात्रियों और विमानों की सुरक्षा की जांच के दौरान इन हवाई अड्डों पर उड़ानें रोक दी गईं। डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट की नेशनल यूनिट स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर भूकंप से हुए नुकसान की जानकारी जुटा रही है।

राजधानी बोगोटा के मेयर कार्लोस गालान ने कहा कि शहर में बड़े नुकसान की कोई जानकारी नहीं मिली है।

वेनेजुएला में भी महसूस किए गए भूकंप के झटके

भूकंप के झटके वेनेजुएला के सीमावर्ती इलाकों में भी महसूस किए गए। ताचिरा और बारकिसिमेतो में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी दी है।

कोलंबिया दक्षिण अमेरिका के सबसे ज्यादा भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है। यहां कई टेक्टोनिक प्लेटों की सीमाएं और फॉल्ट रीजन मौजूद हैं। कोलंबियाई भूवैज्ञानिक सेवा के मुताबिक, देश में अब तक 100 से ज्यादा विनाशकारी भूकंप दर्ज किए जा चुके हैं।

रिपोर्ट : इस्मा टाइम्स न्यूज़ डेस्क.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *