औरंगाबाद (बिहार) : पुरानी जीटी रोड स्थित धर्मशाला मोड़ के समीप श्री संकट मोचन मानस मंदिर ट्रस्ट के हॉल में शनिवार, 15 अगस्त 2026 की संध्या 7:15 बजे मंदिर कमेटी की ओर से पूर्व अध्यक्ष हरि नारायण सोनी की स्मृति में शोकसभा आयोजित की गई। सभा में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उपस्थित लोगों ने बारी-बारी से उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर मंदिर कमेटी के संरक्षक जितेंद्र पासवान ने कहा कि हरि नारायण सोनी के निधन से कमेटी को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि सोनी बेहद शांत, सरल और सहनशील स्वभाव के व्यक्ति थे। कोई व्यक्ति उन्हें अपशब्द भी कह देता था, तो वे कभी विवाद में नहीं पड़ते थे। वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ तन, मन और धन से मंदिर के विकास कार्यों में लगे रहते थे।

जितेंद्र पासवान ने कहा कि मंदिर में किसी भी समय पूजा-पाठ की व्यवस्था करनी हो अथवा किसी सामग्री की आवश्यकता हो, हरि नारायण सोनी बिना किसी को बताए स्वयं जिम्मेदारी संभाल लेते थे। कई बार वे अकेले ही आवश्यक कार्य पूरा कर देते थे और इसकी जानकारी कमेटी के अन्य सदस्यों को बाद में होती थी। उन्होंने कहा कि उनके जैसा शांत और सेवाभावी व्यक्ति मिलना कठिन है तथा उनका स्थान कोई नहीं ले सकता।
शोकसभा में सदर विधानसभा क्षेत्र संख्या-223, औरंगाबाद के भाजपा विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, नगर परिषद औरंगाबाद के मुख्य पार्षद उदय प्रताप गुप्ता, रेड क्रॉस सोसायटी औरंगाबाद के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता सतीश कुमार सिंह, मंदिर कमेटी के मुख्य संरक्षक सह सरकारी अधिवक्ता राजाराम चौधरी, कानूनी सलाहकार अनूप कुमार, उपाध्यक्ष शंकर मेहता, सचिव अंशु कुमार, उप सचिव किशन कुमार, कोषाध्यक्ष अर्जुन कुमार, उप कोषाध्यक्ष राहुल कुमार और मीडिया प्रभारी विकास चौधरी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा मनीष पासवान, नगर परिषद औरंगाबाद की पूर्व अध्यक्ष श्वेता गुप्ता के प्रतिनिधि शिव प्रसाद गुप्ता, अंबिका सिंह, पंकज वर्मा, संजय सोनी, मंटू सोनी, अधिवक्ता सतीश कुमार स्नेही, सुनील चौधरी, कुश चौधरी, शंकर चौधरी, विकास कुमार, भीम गुप्ता, अनिल ओड़िआ और करण पासवान समेत बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
सड़क हादसे में हुए थे गंभीर रूप से घायल
बताया गया कि 12 अगस्त 2026 की रात करीब 1:30 बजे हरि नारायण सोनी वाराणसी से बस के माध्यम से औरंगाबाद आ रहे थे। औरंगाबाद पहुंचने के दौरान बाईपास ओवरब्रिज के आसपास एक ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कई यात्री घायल हुए। हरि नारायण सोनी को गंभीर स्थिति में बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन से श्री संकट मोचन मानस मंदिर ट्रस्ट से जुड़े लोगों और शहरवासियों में शोक की लहर है। शोकसभा में उपस्थित लोगों ने उनके सेवाभाव, सरल व्यक्तित्व और मंदिर के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
