औरंगाबाद (बिहार): शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को बंदेया थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि ग्राम साव बिगहा नहर के किनारे एक वृद्ध व्यक्ति का गला कटा हुआ शव पड़ा है। सूचना मिलते ही बंदेया थाना की पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए। वहीं, एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य भी जुटाए।
मृतक की पहचान जिनेश्वर सिंह, पिता सूचित बिंद, ग्राम पाचकेसर, थाना करपी, जिला अरवल के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल, औरंगाबाद में कराया। इस मामले में बंदेया थाना कांड संख्या 93/26 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद उपेंद्र नाथ वर्मा ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दाउदनगर के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया। टीम को मामले का जल्द से जल्द उद्भेदन करने का निर्देश दिया गया।
जांच के दौरान एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी विश्लेषण किया और आसूचना के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति लालकेश्वर रविदास को गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के ग्राम केरा से पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान लालकेश्वर रविदास की निशानदेही पर उसके दलान से घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार हसुली बरामद की गई। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया। उसके स्वीकारोक्ति बयान के अनुसार, उसने दो अन्य लोगों रामाशीष दास और एक महिला के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था। घटना के समय रामाशीष दास ने मृतक के हाथ-पैर पकड़े थे, जबकि लालकेश्वर रविदास ने गला रेतकर हत्या की।
इसके बाद एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल रामाशीष दास को गोह थाना क्षेत्र के ग्राम रमदी और महिला अभियुक्त को अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के ग्राम केर से विधिवत गिरफ्तार किया।
पुलिस अनुसंधान और पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि हत्या के पीछे अंधविश्वास और अवैध संबंध की वजह बताई गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
बरामद सामान
पुलिस के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार अभियुक्तों में लालकेश्वर रविदास (40 वर्ष), पिता कपिल देव रविदास, साकिन केर, थाना कोंच, जिला गया; रामाशीष दास (45 वर्ष), पिता बुटाई दास, साकिन रमदी, थाना गोह, जिला औरंगाबाद तथा एक महिला शामिल हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने एक हसुली, एक मोबाइल, एक मोटरसाइकिल और एक कमीज बरामद की है।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
