गया में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का मशाल जुलूस, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

Share this News

बिहार, गया (27 अगस्त 2026): रोजमर्रा की जरूरत की चीजों की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार को गया में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजेंद्र आश्रम स्थित पार्टी कार्यालय से विशाल मशाल जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।

मशाल जुलूस राजेंद्र आश्रम से शुरू होकर शहीद भगत सिंह तीनमुहानी, जिला स्कूल होते हुए गया समाहरणालय के पास पहुंचा। यहां जुलूस एक सभा में तब्दील हो गया।

सभा की अध्यक्षता कांग्रेस के गया जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार झुंना ने की। कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ. शशि शेखर सिंह, प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में रोजमर्रा के इस्तेमाल में आने वाली कई खाद्य वस्तुओं के दाम तेजी से बढ़े हैं। चीनी, गुड़, खाद्य तेल, आटा, चावल, दाल और बिस्कुट जैसी चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है।

नेताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है और घर चलाने में परिवारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार की एथनॉल नीति पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि गन्ने से एथनॉल बनाने और उसे पेट्रोल में मिलाने की नीति के चलते चीनी की उपलब्धता और कीमत पर असर पड़ा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पेट्रोल में एथनॉल की अधिक मात्रा मिलाए जाने से वाहनों के माइलेज और मशीनों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

सभा में नेताओं ने कहा कि महंगाई का असर सिर्फ किसी एक वर्ग पर नहीं, बल्कि देश के आम लोगों पर पड़ रहा है। कांग्रेस ने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर संसद से सड़क तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगी।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर महंगाई पर जल्द काबू नहीं पाया गया तो पार्टी अपने आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार को महंगाई के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि कांग्रेस आम जनता की आवाज उठाती रहेगी।

कार्यक्रम में बाबूलाल प्रसाद सिंह, राम प्रमोद सिंह, युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, उमा कांत गुप्ता, दामोदर गोस्वामी, सैफुल्ल इस्लाम, अजय सिंह, रणजीत सिंह, खिजीर हायात, टिंकू गिरी, मदीना खातून, सुनैना रानी अंजनी, धर्मेन्द्र निराला, अर्जुन गुप्ता, शंभु शरण सिंह, मदन सिंह, उदय शंकर पालित, संजय चंद्रवंशी, कृष्ण गुप्ता, उपेन्द्र द्विवेदी, शमी खान, नवीन कुमार और शिवनाथ प्रसाद समेत कई कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *