गया जी, बिहार: गया के जीबीएम कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया संवाद’ का सीधा प्रसारण छात्राओं, एनएसएस वॉलेंटियर्स और कैडेटों ने उत्साह के साथ सुना। कॉलेज की एनएसएस इकाई की ओर से सावित्री महाजन सभागार में इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. सहदेब बाउरी और एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी की देखरेख में किया गया। संवाद सत्र में कॉलेज के शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों के अलावा करीब 100 से 150 छात्राएं मौजूद रहीं।
डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राष्ट्रव्यापी ‘खेलो इंडिया डायलॉग’ को संबोधित किया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय खेल दिवस के सिलसिले में ‘मेरा युवा भारत’ (माई भारत) की ओर से आयोजित किया गया था।
प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान कॉलेज की एनएसएस वॉलेंटियर्स ने खेलों के महत्व और युवाओं की भागीदारी से जुड़ी बातों को ध्यान से सुना। संवाद के बाद छात्राओं ने खेलकूद के साथ-साथ अलग-अलग गतिविधियों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेते रहने का संकल्प भी लिया।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नारा “जो खेलेगा, वो खिलेगा” छात्राओं के बीच खास तौर पर चर्चा में रहा। छात्राओं ने इसे खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने वाला प्रेरक संदेश बताया।
गौरतलब है कि भारत में हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। यह दिन महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के तौर पर मनाया जाता है। इसी मौके को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री का ‘खेलो इंडिया संवाद’ भी राष्ट्रीय खेल दिवस को समर्पित रहा।
कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए छात्राओं और एनएसएस वॉलेंटियर्स को खेलों से जुड़ने और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
