गया, बिहार | 1 सितंबर 2026: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में मंगलवार को गया में जिला कांग्रेस कमिटी की ओर से विरोध मार्च निकाला गया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी और बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर आयोजित इस मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
विरोध मार्च की शुरुआत राजेंद्र आश्रम स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता मार्च करते हुए बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचे, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व गया जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार ने किया।
इस मौके पर रजनीश कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस की जनविरोधी और जातिवादी सोच लगातार सामने आ रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के रैली स्थल पर कथित जातिवादी व्यवहार का राहुल गांधी द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किए जाने के बाद उत्तराखंड पुलिस ने सत्ता के दबाव में उनके खिलाफ झूठा और राजनीति से प्रेरित मुकदमा दर्ज किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई को लोकतंत्र, संविधान और विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश मानती है। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसी कार्रवाई से पीछे हटने वाली नहीं है और लोकतांत्रिक तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
रजनीश कुमार ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को तत्काल वापस लेने की मांग की। साथ ही उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम में कथित जातिवादी कृत्य करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं की पहचान कर निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग भी रखी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ा है। उनके मुताबिक, भाजपा की जनविरोधी, संविधान विरोधी और विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
विरोध मार्च में प्रो. विजय कुमार मिट्ठू, डॉ. शशि शेखर सिंह, युगल किशोर सिंह, विद्या शर्मा, सुनील कुमार पासवान, धर्मेंद्र कुमार निराला, रामाश्रय सिंह, प्रदीप शर्मा, रणजीत कश्यप, धीरज वर्मा, वीरेंद्र सिंह, केदार प्रसाद, अंशु सिन्हा, पूनम कुमारी, कौशल श्रीवास्तव, शिवनाथ प्रसाद, अर्जुन गुप्ता और चंदन मेहता समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गया जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रजनीश कुमार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस विरोध मार्च की जानकारी दी गई।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
