दिल्ली का रामलीला मैदान और लोकतंत्र के सुलगते सवाल: राहुल गांधी की रैली और चुनावी पारदर्शिता पर बहस

Share this News

बिहार- प्रदेश ( 2 नवंबर 2026) : दिल्ली का रामलीला मैदान केवल एक मैदान नहीं है,यह भारतीय लोकतंत्र की स्मृति, संघर्ष और प्रतिरोध का जीवंत दस्तावेज है.इसी धरती ने सत्ता से सवाल पूछने वालों को सुना है, इसी धरती ने जनआंदोलनों को आकार लेते देखा है ,और इसी धरती से उठी अनेक आवाजों ने देश की राजनीति की दिशा बदली है. बताते चलें कि 25 जून 1975 को जयप्रकाश नारायण ने इसी रामलीला मैदान से तत्कालीन सत्ता को चुनौती दी थी. उसके कुछ ही घंटे बाद देश में आपातकाल लगा. वर्ष 1977 में जयप्रकाश नारायण फिर इसी मैदान में लौटे और जनता से लोकतंत्र और स्वतंत्रता के पक्ष में निर्णायक फैसला करने का आह्वान किया. 2011 में अन्ना हजारे का भ्रष्टाचार-विरोधी आंदोलन भी इसी मैदान में राष्ट्रीय विमर्श का बड़ा केंद्र बना.इसलिए 1 नवंबर 2026 को राहुल गांधी के नेतृत्व में रामलीला मैदान में उमड़ा विपक्ष का जनसमूह केवल एक राजनीतिक रैली नहीं था. यह उस लोकतांत्रिक परंपरा की अगली कड़ी थी, जिसमें सत्ता से असहमति को देशद्रोह नहीं, बल्कि लोकतंत्र की अनिवार्य शक्ति माना गया है.आज भारतीय राजनीति के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या सरकार से सवाल पूछना अराजकता है? क्या चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाना अराजकता है? क्या मतदाता सूची में नामों के हटने की जानकारी मांगना अराजकता है? क्या निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर पारदर्शिता की मांग करना अराजकता है?

यदि इन प्रश्नों का उत्तर हाँ है, तो फिर लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका आखिर क्या रह जाती है?

भारतीय संविधान ने विपक्ष को सत्ता का दुश्मन नहीं बनाया है. विपक्ष लोकतंत्र का आवश्यक प्रहरी है.सरकार बहुमत से चलती है, लेकिन लोकतंत्र केवल बहुमत से नहीं चलता—लोकतंत्र संविधान, संस्थाओं, अधिकारों और असहमति के सम्मान से चलता है.

भारतीय जनता पार्टी की ओर से विपक्ष पर अराजकता फैलाने के आरोप लगाए जा रहे हैं. लेकिन भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि लोकतांत्रिक विरोध की उसकी परिभाषा क्या है.यदि शांतिपूर्ण तरीके से लाखों नागरिकों का अपने मताधिकार और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए आवाज उठाना अराजकता है, तो फिर लोकतांत्रिक आंदोलन की पूरी भारतीय परंपरा को किस श्रेणी में रखा जाएगा? यह एक अहम प्रश्न है.राहुल गांधी ने रामलीला मैदान से एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश दिया—उन्होंने कहा कि वे गांधीवादी हैं, किसी व्यक्ति से नफरत नहीं करते, लेकिन गलत के खिलाफ संघर्ष जारी रखेंगे.यही फर्क लोकतांत्रिक संघर्ष और व्यक्तिगत घृणा के बीच है.

उनका निशाना व्यक्ति नहीं, व्यवस्था और उसके कथित दुरुपयोग पर है. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को पहला चरण बताते हुए नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ भी आगे कार्रवाई की बात कही.

यह राजनीतिक भाषा तीखी हो सकती है, असहमति पैदा कर सकती है ,और सत्ता पक्ष को कठोर लग सकती है; लेकिन लोकतंत्र का सौंदर्य ही यही है ,कि सत्ता को चुनौती देने का अधिकार विपक्ष के पास भी रहे.

सबसे बड़ा प्रश्न—आंकड़े आते कहां से हैं?

इस पूरे विवाद में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मतदाता सूची से जुड़े आंकड़ों का उल्लेख भी गंभीर सार्वजनिक प्रश्न खड़ा करता है.योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में लगभग 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूचियों में नहीं होने का दावा किया और अलग-अलग सरकारी सूचियों तथा मतदाता सूची के बीच अंतर का हवाला दिया.उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने पंचायत सूचियों में दर्ज लगभग 66 लाख लोगों, कल्याणकारी योजनाओं के लगभग 55 लाख लाभार्थियों और 18–19 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 4.5 लाख युवाओं के नाम मतदाता सूची में नहीं होने की बात कही.

यहां सवाल किसी पार्टी के पक्ष या विपक्ष का नहीं है.सवाल यह है कि यदि ये आंकड़े इतने सटीक हैं, तो इनका स्रोत क्या है?

क्या ये आंकड़े निर्वाचन आयोग से प्राप्त हुए हैं?

क्या ये प्रशासनिक रिकॉर्ड के मिलान से निकाले गए हैं?

क्या भाजपा के पास कोई स्वतंत्र डेटा तंत्र है?

या निर्वाचन आयोग और सरकार के बीच ऐसी कोई आधिकारिक डेटा-साझेदारी है, जिसकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए?यदि आंकड़े सार्वजनिक सरकारी स्रोतों से प्राप्त हैं, तो चुनाव आयोग को यह स्पष्ट करना चाहिए कि राजनीतिक दलों को किस स्तर तक मतदाता संबंधी डेटा उपलब्ध कराया जाता है.

और यदि ये आंकड़े किसी राजनीतिक संगठन ने स्वतंत्र रूप से जुटाए हैं, तो फिर सवाल और भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि इतनी बड़ी संख्या के मतदाताओं से संबंधित इतनी विशिष्ट जानकारी उसके पास किस माध्यम से पहुंची.

यह आरोप लगाने का नहीं, पारदर्शिता मांगने का विषय है.

क्योंकि मतदाता सूची किसी पार्टी की संपत्ति नहीं होती. वह लोकतंत्र की नागरिक रजिस्टर है.उसमें एक नाम का जुड़ना या हटना किसी व्यक्ति के राजनीतिक अस्तित्व से जुड़ा हुआ प्रश्न है.निर्वाचन आयोग का दायित्व केवल चुनाव कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार पर जनता का विश्वास बनाए रखना भी है.

सत्ता और निर्वाचन आयोग—दोनों को जवाब देना होगा

विपक्ष यदि चुनाव आयोग से प्रश्न पूछता है तो उसे उत्तर मिलना चाहिए. भाजपा यदि विपक्ष के आरोपों को गलत मानती है तो उसे भी आंकड़ों के साथ जवाब देना चाहिए.लेकिन आरोप का जवाब आरोप से और सवाल का जवाब राष्ट्रवाद के प्रमाणपत्र से नहीं दिया जा सकता.यदि चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी है, तो स्वतंत्र जांच, डेटा का सार्वजनिक परीक्षण और सभी पक्षों के सवालों के जवाब से डर किस बात का?

पारदर्शिता संदेह को समाप्त करती है; मौन संदेह को बढ़ाता है.

यही कारण है कि रामलीला मैदान की आज की आवाज को केवल राहुल गांधी की आवाज मानना भूल होगी.यह उन करोड़ों मतदाताओं की चिंता की आवाज भी हो सकती है, जो यह जानना चाहते हैं कि उनकी लोकतांत्रिक ताकत—उनका वोट—सुरक्षित है या नहीं.विपक्ष का काम सरकार गिराना भर नहीं है.विपक्ष का पहला दायित्व है—सत्ता को जवाबदेह बनाना.

और सत्ता का पहला दायित्व है—सवालों से भागना नहीं, उनका जवाब देना.आज जरूरत इस बात की है कि नरेंद्र मोदी सरकार, निर्वाचन आयोग और विपक्ष—तीनों सार्वजनिक बहस के लिए सामने आएं.मतदाता सूची से संबंधित आंकड़े सार्वजनिक हों, नाम हटाने और जोड़ने की प्रक्रिया का स्वतंत्र परीक्षण हो और जहां कोई पात्र मतदाता छूटा है, उसे बिना राजनीतिक भेदभाव के मतदाता सूची में शामिल किया जाए.क्योंकि अंततः लड़ाई राहुल गांधी बनाम नरेंद्र मोदी की नहीं है.

लड़ाई इस बात की है कि भारत में अंतिम शक्ति किसकी है—सत्ता की या मतदाता की?

रामलीला मैदान का इतिहास हमें बताता है कि जब जनता सवाल पूछती है तो सत्ता को उन सवालों का सामना करना पड़ता है. कभी जयप्रकाश नारायण की आवाज वहां से उठी थी, कभी अन्ना हजारे की। आज राहुल गांधी और विपक्ष ने उसी मैदान से चुनावी पारदर्शिता और मताधिकार का सवाल उठाया है.कल इतिहास इस रैली का मूल्यांकन करेगा.

लेकिन आज ही एक बात साफ होनी चाहिए—

लोकतंत्र में सवाल पूछना अराजकता नहीं है.

गलत का विरोध करना अराजकता नहीं है.

निर्वाचन आयोग से जवाब मांगना अराजकता नहीं है.

और अपने वोट की सुरक्षा की मांग करना तो लोकतंत्र का सबसे पवित्र अधिकार है.

यदि इसे भी अराजकता कहा जाएगा, तो फिर लोकतंत्र में नागरिक के पास बचता क्या है—

सिर्फ वोट देना, या वोट देने से पहले सवाल पूछने का अधिकार भी?भारत के लोकतंत्र की असली परीक्षा इसी प्रश्न के उत्तर में छिपी है.

लेखक: हृदयानंद मिश्र, एडवोकेट एवं सदस्य कोऑर्डिनेशन कमिटी झारखंड प्रदेश कांग्रेस.

प्रेषक: विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *