औरंगाबाद, बिहार | 1 सितंबर 2026: नई पेंशन योजना को खत्म कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर मंगलवार को औरंगाबाद में सरकारी कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने अपने कार्यस्थल पर काला बिल्ला लगाकर काम किया और सरकार से पुरानी पेंशन व्यवस्था दोबारा लागू करने की मांग उठाई।
समाहरणालय में तैनात कर्मियों ने इस विरोध कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए कहा कि पुरानी पेंशन उनके लिए सिर्फ एक सुविधा नहीं, बल्कि उनका हक और अधिकार है। कर्मचारियों ने अपनी मांग को लेकर नारे भी लगाए—“काला बिल्ला लगाएंगे, अपनी आवाज उठाएंगे, पुरानी पेंशन हमारा हक और अधिकार है।”
कर्मचारियों के मुताबिक, यह विरोध कार्यक्रम पहले से निर्धारित था। इसका मकसद सरकार तक अपनी मांग पहुंचाना था। विरोध के दौरान कर्मचारियों ने सरकारी कामकाज को प्रभावित नहीं होने दिया और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया।
समाहरणालय के अलावा स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और दूसरे सरकारी कार्यालयों में भी कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर नई पेंशन योजना के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की। सभी जगहों पर पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने की मांग प्रमुख रही।
कर्मचारियों का कहना है कि वे अपनी मांग को लेकर लगातार आवाज उठाते रहेंगे और पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली के लिए आंदोलन जारी रखेंगे। काला बिल्ला लगाकर किया गया यह विरोध इसी सिलसिले का हिस्सा बताया गया है।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
