‘प्रकृति प्रहरी अभियान’ में शीर्ष 10 विद्यालय चयनित, ‘एक विद्यालय, एक घोंसला’ और ‘सीड बॉल प्रोजेक्ट’ शुरू

Share this News

बिहार | 21 सितंबर 2026: बिहार के शिक्षकों और विद्यार्थियों के डिजिटल मंच ‘टीचर्स ऑफ बिहार’ (ToB) की पहल ‘प्रकृति प्रहरी अभियान’ के तहत ‘प्रकृति प्रहरी : अधिकार से उत्तरदायित्व की ओर एक कदम’ विषय पर विशेष फेसबुक लाइव संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ‘एक राखी पर्यावरण के नाम’ अभियान के परिणामों की घोषणा की गई।

टीचर्स ऑफ बिहार के आधिकारिक फेसबुक पेज पर आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और शिक्षाविदों ने हिस्सा लिया।

शिक्षा विभाग के अधिकारी और शिक्षाविद हुए शामिल

कार्यक्रम में सुभाष कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक, भागलपुर प्रमंडल, इन्द्रजीत कुमार सिंह, प्राचार्य, डायट रामबाग, मुजफ्फरपुर तथा सुजीत कुमार दास, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान, बिहार शिक्षा परियोजना, सीतामढ़ी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने पर जोर दिया गया।

हजारों सरकारी विद्यालयों ने लिया हिस्सा

‘एक राखी पर्यावरण के नाम’ अभियान में बिहार के हजारों सरकारी विद्यालयों ने भागीदारी की। उत्कृष्ट विद्यालयों के चयन के लिए ‘प्रकृति प्रहरी अभियान’ की 5 सदस्यीय विशेषज्ञ जूरी ने निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया।

मूल्यांकन के लिए कुल 50 अंक निर्धारित किए गए थे। अभियान की स्पष्ट थीम और उद्देश्य, बच्चों की सक्रिय एवं व्यावहारिक भागीदारी, पर्यावरण-अनुकूल राखी का रचनात्मक प्रयोग, पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प तथा वीडियो प्रस्तुतीकरण और सामाजिक सहभागिता को मूल्यांकन का आधार बनाया गया।

प्रत्येक मानक के लिए 10-10 अंक निर्धारित किए गए थे।

शीर्ष 10 विद्यालयों का चयन

निर्धारित मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्य के शीर्ष 10 विद्यालयों का चयन किया गया है। इन विद्यालयों को विशेष स्मृति-चिह्न और सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

अभियान के आयोजकों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और विद्यालय स्तर पर प्रकृति के प्रति व्यवहारिक जिम्मेदारी विकसित करना है।

‘एक विद्यालय, एक घोंसला’ और ‘सीड बॉल प्रोजेक्ट’ शुरू

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को विद्यालयी गतिविधियों से जोड़ने के लिए दो नई राज्यस्तरीय पहलों का भी शुभारंभ किया गया। इनमें ‘एक विद्यालय, एक घोंसला’ और ‘सीड बॉल प्रोजेक्ट’ शामिल हैं।

‘एक विद्यालय, एक घोंसला’ पहल के माध्यम से विद्यालय परिसर में पक्षियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और विद्यार्थियों में जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं, ‘सीड बॉल प्रोजेक्ट’ के जरिए स्थानीय और देशज पौधों के संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार तथा विद्यार्थियों की पर्यावरणीय भागीदारी को बढ़ावा देने की योजना है।

टीम के सदस्यों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

कार्यक्रम का संचालन प्रकृति प्रहरी अभियान के संयोजक अभिषेक कुमार, सह-संयोजक कुमार अभिषेक और प्रिया कुमारी ने किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में टीचर्स ऑफ बिहार की टेक्निकल टीम के लीडर शिवेंद्र प्रकाश सुमन और तकनीकी टीम की सदस्य अनुपम प्रियदर्शनी का तकनीकी सहयोग रहा। वहीं, प्रकृति प्रहरी अभियान के साथ समन्वय में सिद्धांत जी की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।

पूरे अभियान की दिशा और मार्गदर्शन में टीचर्स ऑफ बिहार के फाउंडर शिव कुमार का योगदान रहा। टीम के सामूहिक प्रयास से अभियान के परिणाम घोषित करने के साथ विद्यालयों के लिए नई पर्यावरणीय पहलों को राज्य स्तर पर आगे बढ़ाने की दिशा में भी काम शुरू किया गया।

पर्यावरण संरक्षण को जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश

फेसबुक लाइव संवाद के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को केवल अधिकार के रूप में नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के उत्तरदायित्व के रूप में अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की जानकारी टीचर्स ऑफ बिहार के प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार और प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने संयुक्त रूप से दी।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *