बिहार, 21 नवंबर 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बिहार में गंगा नदी पर बने 6 लेन के ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन के बाद कांग्रेस ने इस परियोजना के श्रेय को लेकर सवाल उठाए हैं। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू ने कहा कि इस पुल के निर्माण का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को जाता है।
विजय कुमार मिट्ठू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जिस नीतीश सेतु का उद्घाटन किया है, उसकी परियोजना की तैयारी उनके केंद्र की सत्ता में आने से पहले शुरू हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि इस पुल का निर्माण कार्य पूरा होने में करीब 12 साल लग गए।
करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह 19.7 किलोमीटर लंबा पुल पटना जिले के कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के बिदुपुर से जोड़ता है। इस पुल के बनने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा।

कांग्रेस नेता विजय कुमार मिट्ठू ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि आखिर कब तक सरकार अपनी नाकामियों का ठीकरा कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार पर फोड़ती रहेगी?
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज की सभा में कांग्रेस पार्टी के खिलाफ अनर्गल बातें करते हुए गरीबी हटाने की चर्चा की। शायद उन्हें यह जानकारी नहीं है कि देश का बच्चा-बच्चा जानता है कि ‘गरीबी हटाओ’ का नारा देने वाली और इसे अपने राजनीतिक अभियान का हिस्सा बनाने वाली देश की पहली महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी थीं।
विजय कुमार मिट्ठू ने कहा कि देश में गरीबी हटाने का नारा और इसके लिए शुरू किए गए प्रयास इंदिरा गांधी के राजनीतिक सफर का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की ओर से कांग्रेस के योगदान को नजरअंदाज किए जाने पर सवाल उठाया।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
