बोधगया (बिहार), 21 नवंबर 2026: भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बोधगया में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘बुद्धोनॉमिक्स 2026’ का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में देश-विदेश के शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं, शोधकर्ताओं और उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन का मुख्य मकसद आज की आर्थिक व्यवस्था में बौद्ध दर्शन की भूमिका और उसकी अहमियत पर चर्चा करना था।
‘समृद्धि, भावी पीढ़ियों के बेहतर भविष्य और शांति के लिए साझेदारी’ थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में आर्थिक तरक्की, नैतिक आचरण, सजगता और सतत विकास के बीच संबंधों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसमें इस बात पर जोर दिया गया कि आर्थिक समृद्धि के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी को भी बराबर अहमियत मिलनी चाहिए।
दीप प्रज्वलन के साथ सम्मेलन का आगाज
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस मौके पर आईआईएम बोधगया की निदेशक प्रो. विनिता एस. सहाय ने संस्थान के आसपास के क्षेत्र, स्थानीय संस्कृति और समाज के साथ उसके जुड़ाव पर अपने विचार रखे।
उन्होंने कहा, “यह धरती निश्चित रूप से कोई साधारण धरती नहीं है।” उन्होंने बताया कि शिक्षा और कौशल विकास के जरिए स्थानीय लोगों की क्षमताओं को बेहतर अवसरों में बदला जा सकता है और समाज के सभी वर्गों के विकास को बढ़ावा दिया जा सकता है।
प्रो. सहाय ने कहा कि सजगता और सतत विकास संस्थान के प्रमुख मूल्यों में शामिल हैं। उन्होंने ऐसे शैक्षणिक आयोजनों की अहमियत पर भी जोर दिया, जिनके जरिए लोगों को अपने विचार और ज्ञान साझा करने तथा एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करने का अवसर मिलता है।

साकेत मिश्रा ने आर्थिक विकास में नैतिक मूल्यों को बताया जरूरी
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य और पूर्व आईपीएस अधिकारी श्री साकेत मिश्रा सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने आर्थिक विकास के साथ नैतिक मूल्यों को बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि बौद्ध दर्शन धन कमाने के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह सही और नैतिक तरीकों से आगे बढ़ने की सीख देता है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के लाभ समाज के सभी लोगों तक पहुंचाने की जरूरत बताई। साथ ही कहा कि एआई से जुड़े फैसलों में मानवीय भूमिका और जवाबदेही बनाए रखना भी जरूरी है।
आर्थिक तरक्की के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी
आईआईएम बोधगया के डीन (रिसर्च एंड प्लानिंग) प्रो. अविरल कुमार तिवारी ने आर्थिक विकास और नैतिक मूल्यों के आपसी संबंधों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि केवल धन कमाना ही काफी नहीं है, बल्कि इसके साथ अच्छे मूल्य और सामाजिक जिम्मेदारी भी जरूरी हैं।
उन्होंने ‘शुभ-लाभ’ की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि आर्थिक प्रगति का फायदा केवल किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका लाभ पूरे समाज तक पहुंचना चाहिए।
नालंदा की विरासत और बौद्ध दर्शन पर हुई चर्चा
पद्मश्री से सम्मानित और प्रसिद्ध तिब्बती शिक्षाविद् प्रो. गेशे न्गावांग समतेन ने भारत की ज्ञान और दर्शन परंपरा पर चर्चा की। उन्होंने नालंदा की ऐतिहासिक विरासत और विश्व को भारत के योगदान को याद किया।
उन्होंने कहा कि खुशी केवल भौतिक सुख-सुविधाओं से नहीं मिलती, बल्कि अच्छे विचारों और मानसिक शांति का भी इसमें बड़ा योगदान होता है। उन्होंने यह भी बताया कि समानता की शुरुआत हर व्यक्ति के अपने भीतर बदलाव लाने, करुणा और प्रेमभाव अपनाने से होती है।
प्रो. गेशे न्गावांग समतेन ने नैतिक मूल्यों, मानव कल्याण और सतत विकास पर आधारित आर्थिक व्यवस्था की जरूरत पर भी जोर दिया।
मधुमक्खी के उदाहरण से समझाया संसाधनों का सही इस्तेमाल
डीडीआईबीयू के चांसलर एवं चेयरमैन डॉ. धम्मपिया ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बुद्ध की शिक्षाएं केवल धन और संसाधनों के सही इस्तेमाल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे जीवन को बेहतर बनाने का रास्ता भी दिखाती हैं।
उन्होंने मधुमक्खी का उदाहरण देते हुए संसाधनों का समझदारी से इस्तेमाल करने और व्यक्ति, समाज तथा पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने बुद्धोनॉमिक्स की सोच को दुनिया भर में आगे बढ़ाने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय बुद्धोनॉमिक्स फोरम बनाने का सुझाव दिया।
11 देशों के 96 संस्थानों ने सम्मेलन में की भागीदारी
बुद्धोनॉमिक्स 2026 में शोध और अकादमिक गतिविधियों को भी खास जगह दी गई। सम्मेलन के लिए कुल 272 रिसर्च पेपर प्राप्त हुए थे, जिनकी समीक्षा के बाद 207 पेपर चुने गए। इनमें से कुल 140 शोध पत्र 25 तकनीकी सत्रों में प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों में 59 ऑफलाइन और बाकी ऑनलाइन माध्यम से हुईं।
तकनीकी सत्रों में वैश्विक अर्थव्यवस्था, सतत विकास, बेहतर प्रशासन, जिम्मेदार कारोबार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सांस्कृतिक विरासत जैसे अहम विषयों पर चर्चा की गई।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 11 देशों के 96 संस्थानों ने हिस्सा लिया। भारत की ओर से 12 आईआईएम, आईआईटी और राष्ट्रीय संस्थानों के प्रतिनिधियों के अलावा 45 विश्वविद्यालयों तथा 26 बिजनेस स्कूलों और कॉलेजों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
इसके साथ ही टाटा स्टील और बैंक ऑफ बड़ौदा समेत सात उद्योग एवं सामाजिक संगठनों ने भी सम्मेलन में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
बेहतर और टिकाऊ भविष्य के लिए साझा प्रयास पर जोर
बुद्धोनॉमिक्स 2026 के जरिए आज की आर्थिक व्यवस्था में नैतिकता, करुणा और सतत विकास की अहमियत को सामने लाने का प्रयास किया गया। सम्मेलन में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि आर्थिक समृद्धि का असल मकसद केवल धन और संसाधनों में बढ़ोतरी नहीं, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य तैयार करना भी होना चाहिए।
इस पहल के जरिए आईआईएम बोधगया प्राचीन भारतीय ज्ञान और आज की आर्थिक चुनौतियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश कर रहा है। साथ ही, संस्थान ने साझा विचारों, आपसी सहयोग और नए शोध के जरिए एक बेहतर, शांतिपूर्ण और टिकाऊ भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
