औरंगाबाद (बिहार), 22 नवंबर 2026: बिहार के औरंगाबाद जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए 22 से 26 नवंबर तक पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले में 0 से 5 वर्ष तक के कुल 4,15,795 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान को कामयाब बनाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के मकसद से जिला मुख्यालय स्थित अनुग्रह मध्य विद्यालय के बच्चों ने जागरूकता मार्च निकाला। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार सिंह और विद्यालय के प्राचार्य उदय कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया।
इस मौके पर डॉ. मिथलेश कुमार सिंह ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करना होगा, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाए।
वहीं, अनुग्रह मध्य विद्यालय के प्राचार्य उदय कुमार सिंह ने कहा कि पल्स पोलियो राष्ट्रीय महत्व का अभियान है। इसकी कामयाबी के लिए सभी विभागों और कर्मियों को आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी।
उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में पोलियो वायरस के दूसरे देशों से भारत में पहुंचने का खतरा बना हुआ है। इसी वजह से पल्स पोलियो अभियान को पूरी सतर्कता और बेहतर गुणवत्ता के साथ चलाना बेहद जरूरी है।
जागरूकता मार्च के दौरान डॉ. श्याम कुमार (सदर, जम्होर), मोहम्मद शाहीन अख्तर (बीएचएम), वीरसेन गुप्ता (डब्ल्यूएचओ), अर्शी अली खान (यूएनडीपी), नितेंद्र कुमार मिश्रा (एफएम), चंदन कुमार और राहुल राज समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा विद्यालय के शिक्षक योगेंद्र पाल और शिक्षिकाएं रीता कुमारी, शारदा कुमारी तथा अनुभा कुमारी ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
