औरंगाबाद, बिहार। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को औरंगाबाद जिला प्रशासन की ओर से योजना भवन स्थित सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सभागार में मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों को एक-एक कर मंच पर बुलाया और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिले के प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकार मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले के पत्रकार अपनी लेखनी, निष्पक्ष पत्रकारिता और सक्रिय सहभागिता के जरिए समाज तथा प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का काम कर रहे हैं।
लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है प्रेस, जनता की आवाज प्रशासन तक पहुंचाता है मीडिया
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में प्रेस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। प्रशासन की योजनाओं, उनकी कमियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ जनता की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को प्रशासन के सामने रखने में मीडिया की अहम भूमिका होती है।
उन्होंने औरंगाबाद के पत्रकारों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जब से उन्होंने जिले में पदभार संभाला है, तब से मीडिया प्रतिनिधियों का उन्हें लगातार अच्छा सहयोग मिला है।
अपने बारे में बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वह हरियाणा की रहने वाली हैं और बिहार में यह उनका सातवां जिला है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग जिलों में काम करने का अनुभव रहा है, लेकिन औरंगाबाद के मीडिया प्रतिनिधियों का सहयोग और सकारात्मक रवैया उन्हें काफी अच्छा लगा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार प्रशासन के काम में सहयोग करने के साथ-साथ आम जनता की वास्तविक मांगों, शिकायतों और परेशानियों को भी सामने लाते हैं। सकारात्मक सोच के साथ उठाए गए मुद्दे प्रशासन को बेहतर तरीके से काम करने में मदद करते हैं।

देव कार्तिक छठ मेले की कवरेज को लेकर पत्रकारों की खास तारीफ
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से देव कार्तिक छठ मेला-2026 के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि देव सूर्य मंदिर औरंगाबाद जिले की पहचान और गौरव है। मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुंचे और उनके लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे।
उन्होंने कहा कि इस दौरान पत्रकारों ने सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ मेले की तैयारियों, व्यवस्थाओं और प्रशासनिक प्रयासों को आम लोगों तक पहुंचाया। मीडिया की इस सक्रिय भागीदारी और सहयोग के लिए सभी पत्रकार बधाई के पात्र हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह सहयोग केवल छठ मेले तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जिले में चल रही बड़ी विकास परियोजनाओं, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में भी मीडिया की भूमिका सराहनीय रही है।
उन्होंने बताया कि जिले में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की समीक्षा की जा रही है और राज्य स्तर पर भी बड़े प्रोजेक्टों को लेकर बैठकें होती हैं। ऐसे कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने में मीडिया का योगदान काफी महत्वपूर्ण है।
पत्रकारों के सकारात्मक रवैये से प्रशासन को मिलती है प्रेरणा
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी जिले में काम करते समय कुछ कमियां और समस्याएं सामने आना स्वाभाविक है। उन्होंने माना कि औरंगाबाद में भी कहीं न कहीं कुछ कमियां हो सकती हैं, लेकिन यहां के पत्रकारों का रवैया हमेशा सकारात्मक रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को भी बेहतर काम करने के लिए एक सकारात्मक माहौल और सहयोग की जरूरत होती है। जिस तरह एक बच्चे को आगे बढ़ने के लिए परिवार और अभिभावकों के सहयोग की जरूरत होती है, उसी तरह प्रशासन को भी अपने काम को बेहतर ढंग से पूरा करने के लिए समाज और मीडिया के सहयोग की आवश्यकता होती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि पत्रकारों के सकारात्मक सहयोग से प्रशासन को काम करने की प्रेरणा मिलती है। इसी माहौल की वजह से जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने और जनता तक उनका लाभ पहुंचाने के प्रयासों को मजबूती मिलती है।

विकास कार्यों में सहयोग जारी रखने की अपील
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने पत्रकारों से भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक नियम-कानून और व्यवस्थाओं के तहत काम करते समय कई बार अड़चनें आती हैं। इन समस्याओं को प्रशासन, मीडिया और आम जनता सभी समझते हैं, लेकिन सामूहिक प्रयास से उनका समाधान निकाला जा सकता है।
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि अगर उन्हें जिले में कहीं कोई कमी, परेशानी या समस्या दिखाई देती है तो वे सीधे प्रशासन के सामने उसे रख सकते हैं। प्रशासन की कोशिश रहेगी कि अधिक से अधिक जनसमस्याओं का समाधान किया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि उनकी इच्छा है कि औरंगाबाद में अपनी तैनाती के दौरान कुछ ऐसे अच्छे और बड़े काम किए जाएं, जिन्हें जिले के लोग लंबे समय तक याद रखें। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन और मीडिया मिलकर जिले के विकास के लिए इसी तरह काम करते रहेंगे।
उन्होंने पत्रकारों को भरोसा दिलाया कि मीडिया समूह और पत्रकारों से जुड़े मुद्दों पर भी प्रशासन अपनी ओर से सकारात्मक प्रयास करेगा।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
