अरवल, बिहार | 22 सितंबर 2026: अरवल पुलिस केंद्र में मंगलवार को पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस समारोह में जिले के 78 सहायक अवर निरीक्षकों (ASI) को पदोन्नति देकर पुलिस अवर निरीक्षक (SI) के पद पर नियुक्त किया गया।
समारोह के दौरान अरवल के पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) ने पदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों के कंधों पर दो सितारे लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए अलंकृत किया। सितारे लगने के साथ ही पुलिस पदाधिकारियों के लिए यह समारोह उनके सेवा जीवन का एक खास अवसर बन गया।

पदोन्नति के बाद पुलिस अधीक्षक ने सभी नवपदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ पुलिस अधिकारियों की भूमिका भी बढ़ती है। ऐसे में सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
पुलिस केंद्र में आयोजित इस समारोह के दौरान पदोन्नत अधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अपने कंधों पर SI के दो सितारे सजने के बाद अधिकारियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
पिपिंग सेरेमनी के जरिए पदोन्नत पुलिस पदाधिकारियों को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए औपचारिक रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने भी पदोन्नत पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
