औरंगाबाद में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक युवक गंभीर घायल, हेलमेट नहीं पहनने से बढ़ा नुकसान

Share this News

औरंगाबाद (बिहार) के अंबा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा स्टेट हाईवे-101 पर जीवा बिगहा विद्यालय के समीप करीब तीन बजे हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए.

ग्रामीणों ने तुरंत 112 नंबर पुलिस टीम और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अंबा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायल बाइक चालकों को इलाज के लिए देव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर कर दिया गया.

घायलों की पहचान हरिहरगंज के कोसडीहरा गांव निवासी 22 वर्षीय बिट्टू कुमार पासवान और देव थाना क्षेत्र के नैन बिगहा निवासी दूसरे बाइक चालक के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार बिट्टू कुमार पासवान की हालत गंभीर बताई जा रही है.

ग्रामीणों के मुताबिक बिट्टू कुमार पासवान अपनी स्प्लेंडर बाइक से हरिहरगंज से देव अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रहा था। जैसे ही वह जीवा बिगहा विद्यालय के पास पहुंचा, सामने से आ रही दूसरी स्प्लेंडर बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए और बेहोश हो गए.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय दोनों बाइक चालकों ने हेलमेट नहीं पहना था। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर दोनों में से किसी ने हेलमेट लगाया होता, तो संभव है कि उन्हें इतनी गंभीर चोटें नहीं आतीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय / मोहम्मद रिजवान अंसारी.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *