औरंगाबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अपहृत युवक को सकुशल छुड़ाया, पांच आरोपी गिरफ्तार

Share this News

औरंगाबाद (बिहार) :  शनिवार, 13 जून 2026 को देवजरा थाना में मुकेश कुमार पाल के अपहरण से जुड़ा एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ। आवेदन में बताया गया था कि कुछ अपराधियों ने उनका अपहरण कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए देवजरा (मदनपुर) थाना कांड संख्या 238/26, दिनांक 13.06.2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।

घटना की सूचना मिलते ही औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक अंबरीष राहुल ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उनकी निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में देवजरा, देव और मुफस्सिल थाना के थानाध्यक्षों को भी शामिल किया गया। टीम को अपहृत व्यक्ति की जल्द बरामदगी और मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी का जिम्मा सौंपा गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में प्रमुख चौक-चौराहों पर नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ओरा पुल के नीचे एक संदिग्ध चार पहिया वाहन दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वाहन चालक भागने की कोशिश करने लगा।

पुलिस टीम ने तुरंत वाहन का पीछा किया और पाण्डेयपुर पुल के नीचे सशस्त्र बल की मदद से उसे रोक लिया। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें एक व्यक्ति मिला, जिसका मुंह बंधा हुआ था। पुलिस ने उसे सकुशल मुक्त करा लिया।

आगे की तलाशी में वाहन की डिक्की में रखे एक बैग से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद वाहन में मौजूद पांच लोगों से हथियार के बारे में पूछताछ की गई, लेकिन वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने बरामद हथियार को विधिवत जब्त करते हुए सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 275/26, दिनांक 13.06.2026 के तहत संबंधित धाराओं में एक और प्राथमिकी दर्ज की गई। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपने-अपने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मनीष कुमार (19 वर्ष), पिता उपेंद्र प्रसाद, निवासी रामगढ़ थाना क्षेत्र, जिला कैमूर (भभुआ); सतीश कुमार (करीब 23 वर्ष), पिता उपेंद्र प्रसाद, निवासी रामगढ़, कैमूर; नीतीश कुमार (करीब 25 वर्ष), पिता उपेंद्र प्रसाद, निवासी रामगढ़, कैमूर; रोहित गुप्ता (करीब 24 वर्ष), पिता रविशंकर गुप्ता, निवासी रामगढ़, कैमूर तथा रोहित कांत तिवारी (करीब 25 वर्ष), पिता रमाकांत तिवारी, निवासी रामगढ़, कैमूर शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा, आठ मोबाइल फोन और एक चार पहिया वाहन भी बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया जारी है।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *