औरंगाबाद (बिहार) : राजीव गांधी पंचायती राज संगठन औरंगाबाद के जिलाध्यक्ष और कांग्रेस नेता संजीव कुमार सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बनिया पंचायत के पासवान टोला की पेयजल समस्या को लेकर चिंता जताई है।
उन्होंने बताया कि मदनपुर प्रखंड के अंतर्गत आने वाले बनिया पंचायत के वार्ड संख्या 14 स्थित बनिया पासवान टोला में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए करीब एक वर्ष पहले नई नल-जल योजना का कार्य मेसर्स आर्यन कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपा गया था। लेकिन संवेदक की लापरवाही और कार्य में शिथिलता के कारण आज तक यह योजना पूरी नहीं हो सकी है।
संजीव कुमार सिंह के अनुसार, पासवान टोला के सभी घरों तक अब तक नल-जल योजना का कनेक्शन नहीं पहुंचाया गया है। केवल बोरिंग का काम कर छोड़ दिया गया है, जबकि योजना का बाकी हिस्सा अधूरा पड़ा हुआ है। इसके कारण टोला के लोगों को शुद्ध पेयजल के लिए गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वह पहले भी कई बार संबंधित कनीय अभियंता को मोबाइल के माध्यम से जानकारी दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासनिक स्तर पर समस्या के समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
इसी वजह से उन्होंने एक बार फिर जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता को ईमेल के माध्यम से आवेदन भेजकर अधूरी पड़ी नल-जल योजना को जल्द पूरा कराने की मांग की है। साथ ही पासवान टोला के लोगों तक अविलंब शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि योजना लंबे समय से अधूरी रहने के कारण स्थानीय लोगों में सरकार और प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों को उम्मीद थी कि नल-जल योजना के माध्यम से उन्हें घर-घर स्वच्छ पेयजल मिलेगा, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी योजना पूरी नहीं हो सकी।
संजीव कुमार सिंह ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बनिया पासवान टोला में अधूरी पड़ी नल-जल योजना को जल्द से जल्द पूरा कराने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पासवान टोला के लोगों के साथ मिलकर मदनपुर प्रखंड कार्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.
