औरंगाबाद जिला मुख्यालय स्थित सिंचाई कॉलोनी मोड़ पर बने नवनिर्मित मंदिर में गुरुवार, 09 जुलाई 2026 को भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में शहर के साथ-साथ जिले के अलग-अलग ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग शामिल हुए।
मंदिर में नियमित पूजा-पाठ शुरू होने से पहले श्रद्धालु भक्तों ने भगवान भास्कर की नगरी देव स्थित पोखरा से जलभरी की थी। इसके बाद मूर्ति स्थापना से पहले पूरे एक सप्ताह तक विधि-विधान के साथ पूजा-पाठ और प्रवचन का आयोजन लगातार किया गया।

मंगलवार, 07 जुलाई 2026 को मंदिर कमेटी की ओर से औरंगाबाद शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई थी। इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
बुधवार, 08 जुलाई 2026 को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मंदिर में मां दुर्गा, भगवान गणेश और बजरंगबली की सुंदर प्रतिमाओं की स्थापना की गई। उसी शाम श्रद्धालुओं के लिए जागरण का भी आयोजन किया गया, जिसमें भक्त देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे।

इसके अगले दिन गुरुवार को भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुआ यह कार्यक्रम देर शाम तक लगातार चलता रहा। हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करने के लिए पहुंचे। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। वहीं मंदिर के सेवक पूरी श्रद्धा और सेवा भाव से पूरी, बुंदिया, खीर, सब्जी और रायता का प्रसाद सभी श्रद्धालुओं को परोसते रहे। श्रद्धालुओं ने भी श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया।
इस भंडारे में रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या-224 के पूर्व लोजपा प्रत्याशी मनोज कुमार सिंह ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
धार्मिक कार्यक्रम में लोजपा के वरीय नेता वीरेंद्र कुमार सिंह, राजेन्द्र सिंह, मंदिर कमेटी अध्यक्ष, चुलबुल सिंह, बबुआ जी, राघवेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामानुज पाण्डेय, संतोष कुमार सिंह, लोजपा नेता एवं औरंगाबाद नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड पार्षद राजू पासवान, पूर्व मुखिया अनिल सिंह, अनिल ओड़िया, रामाशीष सिंह, भरत सिंह, सोहन चौरसिया, छोटेलाल सिंह, गौरव अकेला समेत कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.
