डॉ. मोहम्मद मुनीब बने IANCAS के आजीवन सदस्य, वैज्ञानिक शोध को मिलेगी नई दिशा

Share this News

मुजफ्फरपुर : शहर के शोधार्थी और पर्यावरणविद् डॉ. मोहम्मद मुनीब को इंडियन एसोसिएशन ऑफ न्यूक्लियर केमिस्ट्स एंड एलाइड साइंटिस्ट्स (IANCAS) का आजीवन सदस्य मनोनीत किया गया है। यह संस्था भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (BARC) से संबद्ध देश का एक प्रमुख वैज्ञानिक संगठन है, जिसकी स्थापना वर्ष 1981 में हुई थी

इस संस्था का मुख्य उद्देश्य देश के वैज्ञानिकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच परमाणु विज्ञान और रेडियोकेमिस्ट्री को बढ़ावा देना है। IANCAS, BARC मुंबई, डिपार्टमेंट ऑफ एटॉमिक एनर्जी (DAE) और बोर्ड ऑफ रिसर्च इन न्यूक्लियर साइंसेज़ (BRNS) के समन्वय से अपनी गतिविधियाँ संचालित करती है। इसके देश के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यालय भी हैं।

संस्था कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में परमाणु विज्ञान तथा रेडियोकेमिस्ट्री विषय को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ शिक्षा, अनुसंधान, कृषि, चिकित्सा और उद्योगों में रेडियोआइसोटोप तथा विकिरण स्रोतों के उपयोग को बढ़ावा देती है। इसके अलावा यह विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षकों और अनुसंधान संगठनों के वैज्ञानिकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराती है और प्रयोगशालाओं के संचालन में भी सहयोग करती है।

IANCAS समय-समय पर अपनी एक बुलेटिन भी प्रकाशित करती है, जिसमें परमाणु विज्ञान और रेडियोकेमिस्ट्री से जुड़े शोध, नई जानकारियाँ और वैज्ञानिक गतिविधियाँ प्रकाशित की जाती हैं।

डॉ. मोहम्मद मुनीब पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, भूगोल और परमाणु आपदा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से शोध कर रहे हैं। उनके कई शोधपत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि IANCAS की आजीवन सदस्यता उनके वैज्ञानिक और शोध कार्यों को नई दिशा देगी। साथ ही उन्हें देश के अग्रणी वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के साथ अपने ज्ञान और अनुभव साझा करने का बेहतर अवसर भी मिलेगा।

डॉ. मुनीब की इस उपलब्धि पर शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और उनके शुभचिंतकों ने खुशी जताई है। सभी ने उन्हें इस सम्मान के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर शोध कार्यों के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।

रिपोर्ट: ग़ज़नफर इकबाल.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *