विश्व पर्यावरण दिवस पर धर्मेंद्र शर्मा ने लगाए दो पौधे, लोगों से की वृक्षारोपण की अपील

Share this News

औरंगाबाद (बिहार) : विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं नगर परिषद क्षेत्र संख्या-08 के पूर्व वार्ड पार्षद धर्मेंद्र शर्मा ने दो पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

शुक्रवार, 5 जून 2026 को उन्होंने अपने ब्रह्मर्षि चौक स्थित आवास के पास दो पौधों का रोपण किया। इनमें एक पौधा आम का था, जबकि दूसरा केवड़ा फूल का लगाया गया।

इस अवसर पर संवाददाता से बातचीत करते हुए धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर उन्होंने दो पौधे लगाए हैं। उन्होंने कहा कि आम का पौधा इसलिए लगाया गया है क्योंकि वहां पर्याप्त खाली जगह उपलब्ध थी। जब यह पेड़ बड़ा होगा, तो आसपास हरियाली बढ़ेगी और लोगों को छाया भी मिलेगी। इसके अलावा यह फल भी देगा, जिससे इसका लाभ लोगों को लंबे समय तक मिलता रहेगा।

उन्होंने बताया कि दूसरा पौधा केवड़ा फूल का लगाया गया है, जो अच्छी प्रजाति का पौधा है और पर्यावरण की सुंदरता बढ़ाने में भी योगदान देगा।

धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि ऐसे पावन अवसर पर हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम पर जरूर लगाना चाहिए। उनके अनुसार वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि पर्याप्त संख्या में वृक्ष नहीं लगाए जाएंगे, तो आने वाले समय में मौसम का संतुलन प्रभावित होगा और जल संकट जैसी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं। इसके साथ ही वातावरण में ऑक्सीजन की कमी का खतरा भी बढ़ सकता है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को आगे आना चाहिए और खासकर ऐसे महत्वपूर्ण अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर भविष्य को सुरक्षित और हराभरा बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *