सी.पी. सिन्हा की पहली पुण्यतिथि पर जुटा कुशवाहा समाज, एकता और संगठन को लेकर लिया बड़ा संकल्प

Share this News

पटना (बिहार) : पटना के रविंद्र भवन में शनिवार, 6 जून 2026 को स्वर्गीय सी.पी. सिन्हा की पहली पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम सी.पी. सिन्हा फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश महासचिव डॉ. शक्ति कुमार शोला ने की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और कई प्रमुख राजनीतिक एवं सामाजिक हस्तियां शामिल हुईं। समारोह का उद्घाटन बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा और पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक जयंत राज कुशवाहा, जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव तथा पूर्व आईएएस अधिकारी मनीष वर्मा, विधान परिषद सदस्य एवं सचेतक संजय कुमार सिंह, इंद्र राज सिंह सैनी, हरियाणा के पूर्व सांसद गुरुदयाल सिंह सैनी, सैनी समाज के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व अध्यक्ष सुलोचना कुमार मौर्य, अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंकर मेहता, राकेश महतो कुशवाहा, जगदेव सेना के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मनोरंजन कुशवाहा, नागरिक परिषद के महासचिव अजय कुशवाहा, वैशाली से विधायक प्रत्याशी छोटू सिंह, सूर्यकांत कुमार कुशवाहा, सी.पी. सिन्हा फाउंडेशन के संयोजक आलोक कुशवाहा, युगल किशोर कुशवाहा, कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय संरक्षक पाल सिंह, सावित्री बाई फुले ट्रस्ट दिल्ली के राष्ट्रीय अध्यक्ष, दिल्ली कुशवाहा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष उदय शंकर कुशवाहा, उत्तराखंड कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विक्रम सिंह सैनी तथा हिमाचल प्रदेश सहित देश के 13 राज्यों से आए अनेक प्रमुख प्रतिनिधियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वर्गीय सी.पी. सिन्हा के व्यक्तित्व और उनके सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि सी.पी. सिन्हा समाज के एक प्रखर विचारक थे। सादगी, सरलता, कड़ी मेहनत, उच्च विचार और समाज सेवा उनके जीवन की पहचान थी। समाज की तरक्की और लोगों को एकजुट रखना उनके जीवन का प्रमुख उद्देश्य था।

वक्ताओं ने यह भी कहा कि स्वर्गीय सी.पी. सिन्हा ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन में अनेक छोटे नेताओं को आगे बढ़ाने और उन्हें पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम में मौजूद सी.पी. सिन्हा फाउंडेशन से जुड़े सभी लोगों ने एक स्वर में उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही उनके अधूरे सपनों को पूरा करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।

आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम में लगभग 2,000 लोगों ने भाग लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय सी.पी. सिन्हा के पुत्र डॉ. शक्ति कुमार शोला से समाज का नेतृत्व करने का आग्रह किया। सभा में मौजूद लोगों ने हाथ उठाकर उनका समर्थन भी किया और तन, मन और धन से उन्हें मजबूत करने का भरोसा जताया।

इसके साथ ही बिहार सरकार से मांग की गई कि डॉ. शक्ति कुमार शोला को सदन में भेजा जाए, ताकि स्वर्गीय सी.पी. सिन्हा के अधूरे सपनों को पूरा किया जा सके और समाज के विकास के लिए उनके प्रयासों को आगे बढ़ाया जा सके।

गौरतलब है कि इस पूरे कार्यक्रम की जानकारी जगदेव सेना के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मनोरंजन कुशवाहा द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से जारी प्रेस विज्ञप्ति के जरिए दी गई।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *