गयाजी में कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ किया प्रदर्शन, पद से हटाने की मांग

Share this News

बिहार प्रदेश (25 सितंबर 2026)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर दोनों चुनाव आयुक्तों की सलाह और आपत्तियों को कथित तौर पर नजरअंदाज करने तथा मतदाता सूची से जुड़े मामलों में एकतरफा फैसले लेने के आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को गयाजी के टावर चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नेताओं ने पुतला दहन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने और गिरफ्तारी की मांग की।

प्रदर्शन में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राम प्रमोद सिंह, बाबूलाल प्रसाद सिंह, धर्मेंद्र कुमार निराला, इंटक की मनीषा सिंह, कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील कुमार पासवान, अनिल यादव, इंदल पासवान, नवाब अली, टिंकू गिरी, विनोद बनारसी सहित कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त रूप से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों के दौरान कई मौकों पर लिखित आपत्तियां दर्ज कराई हैं। नेताओं के अनुसार, दोनों चुनाव आयुक्तों ने कुछ फैसलों और आदेशों को लेकर सवाल उठाए तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के कुछ कदमों को कथित तौर पर अनधिकृत और गैरकानूनी बताया।

नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR तथा नए मतदाताओं से जुड़े फॉर्म-6 में किए गए बदलावों को लेकर भी दोनों चुनाव आयुक्तों द्वारा आपत्तियां दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा मतदाता संबंधी प्रक्रिया और मतदाता डेटाबेस के केंद्रीकरण को लेकर भी सवाल उठाए जाने का दावा कांग्रेस नेताओं ने किया।

कांग्रेस नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति और चुनावी प्रक्रिया को लेकर पहले लगाए गए आरोपों का भी उल्लेख किया। नेताओं ने दावा किया कि हालिया घटनाक्रम से उनके द्वारा उठाए गए सवालों को बल मिला है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित मामलों की जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने की मांग भी की।

वहीं, कांग्रेस नेताओं ने घोषणा की कि 28 सितंबर 2026 को कांग्रेस कार्यालय, राजेंद्र आश्रम से विशाल विरोध मार्च निकाला जाएगा। नेताओं के मुताबिक इस मार्च में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *