बिहार (27 नवंबर 2026)। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर अरवल में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ के नारों से शहर गूंज उठा। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित प्रभात फेरी में सैकड़ों छात्राओं ने हिस्सा लिया और बाल विवाह रोकने के साथ बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा का संदेश दिया।
यह कार्यक्रम जिला पदाधिकारी अरवल श्रीमती अमृषा बैंस के निर्देश पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस सह नोडल पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम अरवल के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास निगम और सहयोगी संस्था विकास पथ विक्रम के संयुक्त तत्वावधान में इस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
बालिका उच्च विद्यालय से इंडोर स्टेडियम तक निकली प्रभात फेरी
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित प्रभात फेरी की शुरुआत बालिका उच्च विद्यालय परिसर, अरवल से हुई। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार और मिशन शक्ति के जिला मिशन समन्वयक धीरेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
प्रभात फेरी अरवल-जहानाबाद मुख्य मार्ग से होते हुए इंडोर स्टेडियम अरवल पहुंची। इस दौरान सैकड़ों छात्राएं हाथों में तख्तियां, बैनर और पोस्टर लेकर बाल विवाह के खिलाफ नारे लगाती नजर आईं।
रैली के माध्यम से लोगों को बाल विवाह रोकने, बच्चों के अधिकारों की रक्षा करने और किशोरियों की शिक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
बाल विवाह बेटियों के भविष्य के साथ खिलवाड़: वक्ता
प्रभात फेरी के समापन के बाद इंडोर स्टेडियम में एक जागरूकता सभा आयोजित की गई। इसमें वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह केवल एक पुरानी परंपरा नहीं, बल्कि कानूनन अपराध है। कम उम्र में शादी होने से बेटियों की पढ़ाई प्रभावित होती है और उनके स्वास्थ्य तथा भविष्य पर भी बुरा असर पड़ता है।
वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह के कारण लड़कियों के सपने अधूरे रह जाते हैं। इसलिए परिवार और समाज के हर व्यक्ति को इस कुप्रथा को रोकने के लिए आगे आना चाहिए। बेटियों को शिक्षा और आगे बढ़ने के बराबर अवसर मिलने चाहिए।
छात्राओं ने लिया बाल विवाह नहीं करने और रोकने का संकल्प
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे न तो खुद बाल विवाह करेंगी और न ही अपने गांव और आसपास होने वाले बाल विवाह का समर्थन करेंगी।
छात्राओं ने यह भी संकल्प लिया कि अगर कहीं बाल विवाह होने की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या आपातकालीन सहायता नंबर 112 पर देंगी।
इस पहल के जरिए छात्राओं को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक रहने और अपने आसपास भी लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
बाल विवाह मुक्त अरवल बनाना जिला प्रशासन का लक्ष्य
इस मौके पर मिशन शक्ति के जिला मिशन समन्वयक धीरेन्द्र कुमार ने कहा कि बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिहाज से यह दिवस बेहद अहम है। जिला प्रशासन का लक्ष्य अरवल को बाल विवाह मुक्त बनाना है।
उन्होंने बताया कि इस दिशा में स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और गांवों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रभात फेरी और संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकने के लिए केवल प्रशासन की कोशिश काफी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। परिवार, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को मिलकर इस अभियान को आगे बढ़ाना होगा।
जागरूकता अभियान आगे भी रहेगा जारी
अरवल में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह के खिलाफ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और किशोरियों को उनके अधिकारों के प्रति सजग करने का संदेश दिया गया।
जिला प्रशासन की ओर से स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्रामीण इलाकों में जागरूकता गतिविधियां जारी रखने की बात कही गई है। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा बाल विवाह का शिकार न हो और हर बेटी को शिक्षा, सुरक्षा तथा बेहतर भविष्य का अवसर मिले।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
