गया के गौतम बुद्ध महिला कॉलेज में छात्राओं के लिए लगा विद्यार्थी सहयोग शिविर

Share this News

गया, बिहार | 22 सितंबर 2026: गौतम बुद्ध महिला कॉलेज के सावित्री महाजन सभागार में मंगलवार को छात्राओं के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. सहदेब बाउरी ने की।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि वे अपनी शैक्षणिक समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को पोर्टल के माध्यम से संबंधित स्तर तक पहुंचा सकती हैं। इसके साथ ही पोर्टल पर अनुरोध दर्ज करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

शिविर में छात्राओं ने कॉलेज से जुड़ी अपनी समस्याओं और जरूरतों को लेकर जानकारी प्राप्त की। उन्हें यह भी बताया गया कि कॉलेज की पढ़ाई, आधारभूत सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित किसी परेशानी के समाधान के लिए पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है।

कॉलेज की मीडिया प्रभारी डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी ने बताया कि ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ को हर महीने के चौथे मंगलवार को आयोजित करने का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य छात्राओं को अपनी समस्याएं उचित माध्यम से दर्ज कराने और उनके समाधान की प्रक्रिया को आसान बनाना है।

बताया गया कि बिहार सरकार की पहल के तहत विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से छात्राएं अपनी शैक्षणिक समस्याओं के अलावा कॉलेज में आधारभूत संरचना या अन्य सुविधाओं से जुड़ी कमियों की शिकायत भी दर्ज करा सकती हैं।

शिविर में छात्राओं को जानकारी दी गई कि पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और अनुरोधों के निवारण की प्रक्रिया निर्धारित समय के भीतर पूरी की जाएगी। साझा की गई जानकारी के मुताबिक, छात्राओं की शिकायतों का समाधान 30 दिनों के भीतर करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस मौके पर प्रो. अफ्शां सुरैया, डॉ. जया चौधरी, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. फरहीन वजीरी, डॉ. रुखसाना परवीन, डॉ. बनीता कुमारी, डॉ. प्यारे मांझी, डॉ. आशुतोष कुमार पांडेय, डॉ. सपना पांडे, डॉ. गणेश प्रसाद, अजीत कुमार समेत कॉलेज की कई छात्राएं मौजूद रहीं।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *