गया, बिहार | 25 सितंबर 2026: मगध विश्वविद्यालय, बोधगया में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के 57वें स्थापना दिवस समारोह में गौतम बुद्ध महिला कॉलेज की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में कॉलेज की स्वयंसेविकाओं ने बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर दो पुरस्कार अपने नाम किए।
कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. सीमा पटेल के निर्देश पर NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. कुमारी रश्मि प्रियदर्शनी के मार्गदर्शन में 12 स्वयंसेविकाओं ने समारोह में हिस्सा लिया। इनमें दामिनी राज, काजल कुमारी, पायल कुमारी, खुशी आर्या, अखौरी स्मृति, श्रुति कुमारी, शिवानी कुमारी, रानी कुमारी, संचिता कुमारी, रिया कुमारी, अखौरी रागिनी और नेहा कुमारी शामिल रहीं।
समारोह में 15 कॉलेजों से पहुंची 16 NSS इकाइयों के बीच एकल गान, एकल नृत्य, समूह नृत्य और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। GBM कॉलेज की स्वयंसेविका खुशी आर्या ने एकल नृत्य प्रतियोगिता में भक्तिभाव से जुड़े गीतों पर आकर्षक प्रस्तुति दी और द्वितीय स्थान हासिल किया।
वहीं, समूह नृत्य में पायल कुमारी, काजल कुमारी और दामिनी राज की टीम ने बिहार की लोक संस्कृति से जुड़े जट-जटिन और झिझिया नृत्य की प्रस्तुति दी। टीम की शानदार प्रस्तुति को खूब सराहना मिली और उसने भी द्वितीय पुरस्कार हासिल किया। छात्राओं की प्रस्तुति के दौरान रामानुजन सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मगध विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. बी. के. मंगलम ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता स्वयंसेविकाओं को ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने GBM कॉलेज की सभी प्रतिभागी छात्राओं को उनकी प्रस्तुतियों के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी समेत समारोह में मौजूद अन्य कार्यक्रम पदाधिकारियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
कॉलेज लौटने के बाद प्रधानाचार्या डॉ. सीमा पटेल ने छात्राओं की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने जिस उत्साह और ऊर्जा के साथ समारोह में भाग लिया, वह सराहनीय है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने के लिए छात्राओं को प्रोत्साहित किया।
मगध विश्वविद्यालय के रामानुजन सभागार में आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विकास वैभव मौजूद रहे, जबकि दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, गया की NSS कार्यक्रम समन्वयक प्रो. उषा तिवारी विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल हुईं।
कार्यक्रम में विभिन्न कॉलेजों से आए NSS कार्यक्रम पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। डॉ. रश्मि प्रियदर्शनी ने बताया कि विश्वविद्यालय के NSS समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं के प्रमाण पत्र, मेडल आदि जल्द कॉलेज भेजने का आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
