बिहार, 18 नवंबर 2026: राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के इको क्लब सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में प्राचार्य उदय कुमार सिंह ने बच्चों को प्राकृतिक चिकित्सा और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य उदय कुमार सिंह ने कहा कि परंपरागत प्राकृतिक चिकित्सा को अपनाकर जीवन को स्वस्थ और निरोग रखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी प्राकृतिक चिकित्सा के प्रबल समर्थक थे। 18 नवंबर 1945 को उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व को रेखांकित करते हुए अखिल भारतीय प्राकृतिक चिकित्सा संघ की सदस्यता भी ग्रहण की थी।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार का आयुष मंत्रालय प्राकृतिक चिकित्सा के लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन की शुरुआत से ही सही खान-पान, संतुलित आहार-विहार, यम-नियम, प्राणायाम और योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन की नींव रखी जा सकती है।
इस अवसर पर इको क्लब की को-ऑर्डिनेटर अनुभा कुमारी ने भी बच्चों को सरकार की इस वर्ष की थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा: स्वस्थ जीवन’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा के सिद्धांतों और दैनिक जीवन में उनकी उपयोगिता को समझाया।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने प्राचार्य उदय कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाने की शपथ ली। साथ ही उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व और इसके लाभों को अपने आसपास के लोगों तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
