औरंगाबाद, बिहार: श्रावण माह में सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम तक पैदल यात्रा करने वाले कांवरियों की सेवा के लिए नीलकंठ महादेव सेवा समिति, औरंगाबाद की ओर से लगाए गए सेवा शिविर का उद्घाटन शुक्रवार को ओबरा विधानसभा क्षेत्र संख्या-220 के एनडीए गठबंधन समर्थित लोजपा (रामविलास) के विधायक ने दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि महादेव की इच्छा के बिना कोई भी काम संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से इस सेवा शिविर में आने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उन्हें अवसर नहीं मिल पा रहा था। पिछले वर्ष महादेव की कृपा से उन्हें इस शिविर में आने का सौभाग्य मिला और उसके बाद जनता का आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ, जिसकी बदौलत वह विधायक बने।

विधायक ने समिति के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कांवरियों की निस्वार्थ सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य का काम है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और इनसे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलती है।
समिति के संस्थापक लखन प्रसाद ने बताया कि संस्था पिछले छह वर्षों से श्रावण माह के दौरान कांवरिया पथ पर सेवा शिविर का संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि समिति का मकसद बाबा धाम जाने वाले सभी श्रद्धालुओं को बेहतर और पूरी तरह नि:शुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
समिति के सदस्य लप्पू गुप्ता ने बताया कि शिविर में कांवरियों के लिए तीन समय के भोजन, विश्राम, शौचालय, प्राथमिक उपचार, दवा, तेल मालिश, गर्म पानी, मोबाइल चार्जिंग, शुद्ध पेयजल और चाय समेत तमाम जरूरी सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस मौके पर मुंद्रिका प्रसाद, जयराम केशरी, मधुप गुप्ता, सत्यप्रकाश, पंकज गुप्ता, मुकेश गुप्ता, जितेंद्र गुप्ता, अमित गुप्ता समेत समिति के अन्य सदस्य और बड़ी तादाद में श्रद्धालु मौजूद रहे।
रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.
