ओबरा थाना क्षेत्र में एक ही रात दो वाहनों की चोरी, पीड़ित महिला ने पुलिस से लगाई बरामदगी की गुहार

Share this News

औरंगाबाद, बिहार: दाउदनगर अनुमंडल के ओबरा थाना क्षेत्र में इन दिनों वाहन चोरों की सक्रियता बढ़ती दिखाई दे रही है। ताजा मामला 28 जुलाई 2026 की रात का है, जब खरांटी गांव में अज्ञात चोरों ने एक ही रात दो अलग-अलग घरों से वाहन चोरी कर लिए। इनमें स्वर्गीय मिथिलेश कुमार सिंह उर्फ संजय कुमार सिंह का पिकअप वाहन और दूसरे व्यक्ति की बाइक शामिल है।
हैरानी की बात यह है कि खरांटी गांव, ओबरा थाना से पुनपुन नदी के पास औरंगाबाद–दाउदनगर–पटना राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 139 पर बेहद कम दूरी पर स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस चाहे तो कुछ ही मिनटों में गांव पहुंच सकती है। इसके बावजूद चोरों ने एक ही रात में दो वाहनों की चोरी कर पुलिस-प्रशासन को खुली चुनौती दे दी।
पीड़ित महिला, जो स्वर्गीय मिथिलेश कुमार सिंह उर्फ संजय कुमार सिंह की पत्नी हैं, ने संवाददाता को फोन पर घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रात करीब एक बजे उनके घर के बाहर खड़े पिकअप वाहन की चोरी हुई, जिसकी पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
महिला ने बताया कि वाहन में लगे जीपीएस की मदद से जब लोकेशन देखी गई तो पता चला कि पिकअप कोईलवर की ओर जा चुका है। इसके बाद परिवार के लोग वाहन का पीछा करते हुए कोईलवर तक पहुंचे। वहां एक स्थानीय दुकानदार ने बताया कि रात में यह पिकअप कुछ देर तक वहां खड़ा था और उसमें कुछ लोग छेड़छाड़ कर रहे थे।
दुकानदार के अनुसार, उन लोगों ने उससे मुजफ्फरपुर जाने का रास्ता भी पूछा था। बाद में जब उसे पूरी घटना का पता चला तो उसने कहा कि उसे अंदाजा नहीं था कि वाहन चोरी का है, हालांकि उन लोगों की गतिविधियां उसे शुरू से ही संदिग्ध लग रही थीं।
काफी तलाश के बावजूद जब वाहन का कोई सुराग नहीं मिला तो पीड़ित परिवार वापस खरांटी लौट आया। इसके बाद ओबरा थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई। इस मामले में कांड संख्या 302/26, दिनांक 29 जुलाई 2026 दर्ज की गई है। समाचार लिखे जाने तक चोरी गए पिकअप वाहन की बरामदगी नहीं हो सकी थी।
पीड़ित महिला ने बताया कि उनके पति की कोरोना काल के दौरान अचानक मृत्यु हो गई थी। इलाज में काफी खर्च होने से परिवार की आर्थिक स्थिति पहले ही कमजोर हो चुकी थी। इसके बावजूद उन्होंने अपने बच्चों के साथ हिम्मत नहीं हारी और खरांटी गांव में रहकर परिवार के व्यवसाय को दोबारा संभालने की कोशिश की।
महिला के अनुसार, कुछ समय पहले उनका पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त भी हो गया था, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। तमाम मुश्किलों के बाद उन्होंने फिर से कारोबार को आगे बढ़ाया, लेकिन अब वाहन चोरी हो जाने से परिवार एक बार फिर गहरे संकट में आ गया है। संवाददाता से बात करते समय वह लगातार रोती रहीं और पुलिस-प्रशासन से चोरी गए पिकअप वाहन की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई।
बताया जाता है कि पीड़ित महिला का पैतृक घर भोजपुर जिले के मरोझिया गांव में है। हालांकि उनके पति स्वर्गीय मिथिलेश कुमार सिंह उर्फ संजय कुमार सिंह ने खरांटी गांव में रहकर सीमेंट के ह्यूम पाइप और मकानों में लगाए जाने वाले रोशनदान बनाने का कारोबार शुरू किया था। बाद में उन्होंने वहीं जमीन खरीदकर अपना मकान भी बना लिया और तब से पूरा परिवार खरांटी गांव में ही रह रहा है।
इस मामले में समाचार प्रकाशित होने से पहले संवाददाता ने ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार से उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिल चुका है और उसी के आधार पर टीम जांच में जुटी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चोरी गए पिकअप वाहन की जल्द बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *