एनटीपीसी नबीनगर के बालिका सशक्तिकरण अभियान से 61 ग्रामीण बेटियों को मिली सपनों की नई उड़ानग्रामीण इलाकों की बेटियों को शिक्षा, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की राह दिखाने के मक़सद से एनटीपीसी नबीनगर द्वारा चलाया गया बालिका सशक्तिकरण अभियान-2026 सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
इस अभियान के ज़रिए 61 ग्रामीण बालिकाओं को सीखने, आगे बढ़ने और अपने सपनों को नई उड़ान देने का अवसर मिला।इस उच्च स्तरीय आवासीय शैक्षणिक प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत 2 जून 2026 को हुई थी। लगभग एक महीने तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह शनिवार, 27 जून 2026 को परियोजना परिसर में आयोजित किया गया।समापन समारोह के दौरान बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने नृत्य, नाटक, संगीत, कला और योग जैसी विभिन्न प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनटीपीसी के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र-01) श्री एल. के. बेहेरा ने सभी बालिकाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और उनके अभिभावकों का भी आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बालिका सशक्तिकरण अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं में छिपी प्रतिभा को पहचानना, उसे निखारना और उन्हें आत्मनिर्भर व सशक्त बनाना है, ताकि वे अपने परिवार और गाँव में सकारात्मक बदलाव ला सकें।गौरतलब है कि वर्ष 2023 से हर साल चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से अब तक 180 ग्रामीण बालिकाएँ प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं।

वहीं, अभियान के तहत चयनित 11 छात्राएँ एनटीपीसी के सहयोग से बाल भारती पब्लिक स्कूल में निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।इस वर्ष बारुण और नबीनगर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से चयनित 61 छात्राओं ने इस आवासीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें गणित, हिंदी, अंग्रेज़ी, कंप्यूटर, कराटे, योग सहित कई उपयोगी विषयों और कौशलों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा परियोजना परिसर में छात्रावास और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था भी की गई, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
अभियान के अंत में 6 प्रतिभाशाली बालिकाओं का चयन किया गया है। इन छात्राओं का जल्द ही एनटीपीसी के सहयोग से बाल भारती पब्लिक स्कूल में प्रवेश कराया जाएगा, जहाँ उन्हें कक्षा 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।समापन समारोह में क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र-01) श्री एल. के. बेहेरा के अलावा स्वरा महिला संघ की अध्यक्षा श्रीमती आरती बेहेरा, महाप्रबंधक (ओ एंड एम) अनिल कुमार टी. सी., महाप्रबंधक (परियोजना) राकेश शर्मा, उप कमांडेंट, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल रफाकत खान, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ओंकार नाथ, पब्लिक रिलेशन ऑफिसर अतुल कुमार सहित कई गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.
