रफीगंज के विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने पत्रकारों का किया सम्मान, कहा– मीडिया ने हमेशा निभाई निष्पक्ष भूमिका

Share this News

औरंगाबाद (बिहार) : रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या-224 के जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक और समाजसेवी प्रमोद कुमार सिंह ने सोमवार, 27 जुलाई 2026 को अपने जिला मुख्यालय स्थित आवास पर पत्रकारों के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया। इस मौके पर क्षेत्र के कई पत्रकार मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने सभी पत्रकारों को बारी-बारी से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और उनके कार्यों की सराहना की। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज में उसकी भूमिका बेहद अहम होती है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्हें रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या-224 से एनडीए गठबंधन समर्थित जनता दल (यूनाइटेड) के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने और जीत हासिल करने का अवसर मिला। इसके लिए उन्होंने क्षेत्र की जनता का दिल से आभार जताया।

प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि रफीगंज की जनता ने उन्हें भरपूर स्नेह और विश्वास दिया। चुनाव में उन्हें 1,07,515 वोट मिले, जिसकी बदौलत आज वह बिहार विधानसभा में विधायक के रूप में जनता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार पूरे मगध प्रमंडल में किसी भी प्रत्याशी को इतने अधिक मत प्राप्त नहीं हुए, जो उनके लिए गर्व की बात है।

अपने संबोधन में उन्होंने पत्रकारों की भूमिका की भी खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने राजनीति में कदम रखा था, तब से लेकर आज तक लगभग 14 से 15 वर्षों से वह क्षेत्र की सेवा कर रहे हैं। विधायक बनने से पहले भी उन्होंने अपने निजी संसाधनों से लोगों की मदद की और हर सुख-दुख में जनता के साथ खड़े रहे।

उन्होंने कहा कि उस दौरान भी जिले स्तर के पत्रकारों ने उनके सामाजिक कार्यों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में जगह दी। उनके अनुसार रफीगंज के पत्रकार जिस निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ खबरों को जनता तक पहुंचाते हैं, वह काबिले-तारीफ है। इसके लिए उन्होंने सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।

समारोह के अंत में विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि उनके लिए पत्रकार और रफीगंज की जनता किसी परिवार से कम नहीं हैं। उनका हमेशा यही प्रयास रहेगा कि वह सभी के साथ पारिवारिक संबंध बनाए रखें और जनता की सेवा पूरी ईमानदारी से करते रहें।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित अतिथियों और पत्रकारों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई, जिसमें सभी ने सहभागिता की।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *