जिला मुख्यालय औरंगाबाद में राजद का धरना, महंगाई-बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना

Share this News

औरंगाबाद (बिहार) : बुधवार, 17 जून 2026 को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से जिला मुख्यालय स्थित अनुग्रह मध्य विद्यालय के मुख्य द्वार से पश्चिम दिशा में मुख्य मार्ग पर बने डिवाइडर के पास एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

धरना कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत रफीगंज के पूर्व अध्यक्ष, वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष मिरिख दरखशां के प्रतिनिधि तथा बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में रफीगंज विधानसभा क्षेत्र संख्या 224 से राजद प्रत्याशी रहे प्रोफेसर डॉ. गुलाम शाहिद ने कहा कि आज महंगाई और बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था बदहाल है, बिहार में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो, जब समाचारों में किसी न किसी आपराधिक घटना की खबर न आती हो। उन्होंने मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि जो हालात सबके सामने हैं, उन्हें पूरी सच्चाई के साथ जनता तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और उसके माध्यम से ही आम लोगों तक सही जानकारी पहुंच सकती है, जिससे जनता जागरूक होगी।

इस धरना कार्यक्रम में औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के राजद सांसद अभय कुमार कुशवाहा, राजद नेता योगेंद्र यादव, अनिल कुमार टाइगर, राघवेन्द्र प्रताप सिंह, इंजीनियर सुबोध कुमार सिंह, रमेश यादव, नबीनगर विधानसभा क्षेत्र संख्या 221 से वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में राजद प्रत्याशी रहे अमोद कुमार चंद्रवंशी, मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व राजद विधायक सतीश कुमार दास, अरवल के पूर्व विधायक रविंद्र कुमार सिंह, कौलेश्वर प्रसाद यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हालांकि, गोह विधानसभा क्षेत्र संख्या 219 से पहली बार राजद विधायक बने और औरंगाबाद के पूर्व राजद जिलाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार कुशवाहा इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। कार्यक्रम के संबंध में जब संवाददाता ने उनसे मोबाइल पर संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ माता वैष्णो देवी मंदिर और स्वर्ण मंदिर अमृतसर की यात्रा पर गए हुए हैं और वापसी के रास्ते में हैं। उन्होंने कहा कि अगले दिन पटना पहुंच जाएंगे, इसलिए आज के धरना कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर चाहे जो भी टिप्पणी करे, विपक्ष का काम आरोप और दुष्प्रचार करना होता है।

वहीं, ओबरा विधानसभा क्षेत्र संख्या 220 के पूर्व राजद विधायक ऋषि कुमार भी कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाए। इस संबंध में बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उनका पहले से ही तीन दिन का सोमनाथ मंदिर और द्वारकाधीश मंदिर का यात्रा कार्यक्रम तय था। उन्होंने कहा कि वह फिलहाल सोमनाथ में हैं, अगले दिन द्वारकाधीश मंदिर जाएंगे और उसके बाद वापस लौटेंगे। इसी वजह से वह धरना कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने पहले ही पार्टी को अपनी अनुपस्थिति की जानकारी दे दी थी। साथ ही उन्होंने कहा कि इससे पहले आयोजित प्रखंड मुख्यालय के धरना कार्यक्रम में वह मौजूद रहे थे।

ज्ञात हो कि राजद द्वारा आयोजित इस एक दिवसीय धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता अनिल कुमार टाइगर ने की, जबकि मंच संचालन नबीनगर विधानसभा क्षेत्र संख्या 221 के पूर्व राजद विधायक प्रत्याशी अमोद कुमार चंद्रवंशी ने किया।

रिपोर्ट : अजय कुमार पाण्डेय.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *