टिकारी और ग्रामीण इलाकों में लगातार बढ़ रही वारदातों से लोग परेशान
बिहार प्रदेश (21 जुलाई 2026): गया जिले के टिकारी प्रखंड और आसपास के सुदूर ग्रामीण इलाकों में इन दिनों लगातार हो रही चोरी और डकैती की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। एक तरफ आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
इसी मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सत्येंद्र नारायण और सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हाल ही में पंचानपुर थाना क्षेत्र के उसरी गांव में जिस तरह डकैती की घटना को अंजाम दिया गया, वह बेहद चिंताजनक है।
डकैती पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस नेता, न्याय का दिलाया भरोसा
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सत्येंद्र नारायण और सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर उसरी गांव पहुंचे। वहां उन्होंने डकैती से प्रभावित परिवार से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
सत्येंद्र नारायण ने कहा कि टिकारी क्षेत्र में पिछले कई महीनों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच किसी वरीय पुलिस पदाधिकारी की निगरानी में कराई जाए, दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और टिकारी क्षेत्र के संबंधित पुलिस पदाधिकारी को निलंबित किया जाए।
निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
सत्येंद्र नारायण ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी।
हिमांशु शेखर बोले— पुलिस की निष्क्रियता से बढ़े अपराधियों के हौसले
सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने कहा कि कुछ महीने पहले चर्चित शिक्षक और कवि अबरार आलम के घर चोरी हुई थी, लेकिन पुलिस की अकर्मण्यता के कारण आज तक न तो चोर गिरफ्तार हो सके और न ही कोई ठोस नतीजा सामने आया।
उन्होंने कहा कि इसी का नतीजा है कि अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।
कई चर्चित मामलों का अब तक नहीं हुआ खुलासा
हिमांशु शेखर ने कहा कि कांग्रेस नेता बृजमोहन शर्मा के घर हुई चोरी की घटना का भी अब तक संतोषजनक खुलासा नहीं हो सका है। उनका आरोप है कि पुलिस की निष्क्रियता की वजह से अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह के भीतर टिकारी नगर क्षेत्र में तीन चोरी की घटनाएं और पंचानपुर थाना क्षेत्र के उसरी गांव में डकैती की वारदात इस बात का साफ प्रमाण हैं।
अपराधियों में नहीं रहा पुलिस का डर
हिमांशु शेखर ने कहा कि आज अपराधियों के मन से पुलिस का भय लगभग समाप्त हो चुका है। टिकारी थाना से कुछ ही दूरी पर लगातार चोरी की घटनाएं होना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने मांग की कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की जवाबदेही तय की जाए, लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई हो और पुलिस पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
