औरंगाबाद (बिहार): दाउदनगर थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से लूटे गए सोने के आभूषण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार 01 जुलाई 2026 को पीड़ित द्वारा दाउदनगर थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर बताया गया था कि 28 जून 2026 की रात अज्ञात बदमाशों ने उनका गला दबाकर गले में पहनी सोने की चेन, दोनों कानों की बालियां और कंगन लूट लिए थे।
पीड़ित के आवेदन के आधार पर दाउदनगर थाना कांड संख्या 448/26, दिनांक 01 जुलाई 2026 के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दाउदनगर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम को मामले में शामिल आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया।
जांच के दौरान एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर 04 जुलाई 2026 को अरवल जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र से तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया। उनकी निशानदेही पर लूटे गए सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिसके बाद तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र स्थित शमशेर नगर निवासी नीरज कुमार (20 वर्ष), पिता सुरेंद्र पासवान, अरवल जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र निवासी गुलाब कुमार (26 वर्ष), पिता गिरजा नंदन प्रसाद सिंह तथा एक महिला शामिल है।
पुलिस ने बरामद सामान में सोने की दो बालियां और गलाया हुआ सोना भी बरामद किया है। इस पूरे मामले की जानकारी औरंगाबाद पुलिस प्रशासन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है।
रिपोर्ट: अजय कुमार पाण्डेय.
