वजीरगंज पंचायत समिति की बैठक में 5.5 करोड़ की विकास योजनाओं को मंजूरी, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

Share this News

बिहार प्रदेश, 7 अगस्त 2026। गया जिले के वजीरगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार भवन में शुक्रवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक प्रखंड प्रमुख फुलवा देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में करीब 5.5 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही क्षेत्र से जुड़े कुल 19 महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान बिजली विभाग के पदाधिकारी के लगातार अनुपस्थित रहने का मामला कई बार उठा। पंचायत समिति के सदस्यों ने इस पर नाराज़गी जताई और अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने की मांग की।

बैठक में ऑनलाइन म्यूटेशन और परिमार्जन प्लस के लंबित आवेदनों पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने मांग की कि आवेदनों का निष्पादन स्पष्ट कारण बताते हुए किया जाए और छोटी-मोटी तकनीकी कमियों के आधार पर आवेदन रद्द न किए जाएं।

नल-जल योजना, स्वास्थ्य केंद्र और स्कूल की सुविधाओं पर भी हुई चर्चा

सदस्यों ने प्रखंड की सभी नल-जल योजनाओं को पूरी तरह चालू कराने की मांग उठाई। इसके अलावा अमैठी, कनौदी और मदरडीह में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण तथा मदरडीह मध्य विद्यालय में शौचालय बनवाने का प्रस्ताव भी रखा गया।

बैठक में लेमन ग्रास की खेती को बढ़ावा देने, लेबर कार्ड, सर्वर की समस्या और पारिवारिक लाभ योजना जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

जीविका ऋण और विस्कोमान गोदाम का मुद्दा भी उठा

जीविका के माध्यम से ऋण लेकर शौचालय निर्माण कराने के मुद्दे पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने कहा कि लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि मिलने के बाद वे आसानी से ऋण का भुगतान कर सकते हैं।

इसके अलावा वजीरगंज में गोदाम की व्यवस्था कर विस्कोमान को फिर से चालू कराने और पंचायत समिति के सदस्यों की सहमति से विकास योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की मांग भी बैठक में उठाई गई।

बैठक का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी प्रभाकर सिंह ने किया। इस दौरान प्रखंड के सभी विभागीय पदाधिकारी, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *