गया जी (बिहार) : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 दिसंबर 2025 को गया जिला कांग्रेस का एक पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली पहुंचा और केंद्रीय इस्पात मंत्री के नाम एक अहम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन गया जिले के वजीरगंज प्रखंड अंतर्गत ऐरू गांव में स्थित स्टील प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण कार्य को अविलंब शुरू कराने की मांग को लेकर दिया गया। यह वही प्लांट है, जिसका शिलान्यास करीब 17 वर्ष पहले हो चुका है, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली स्थित उद्योग भवन के गेट नंबर पांच पर इस्पात मंत्रालय तथा भिखाजी कामा पैलेस स्थित नई उद्योग भवन में केंद्रीय उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी के नाम यह ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार का ध्यान इस लंबे समय से लंबित परियोजना की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
इस प्रतिनिधिमंडल में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि, प्रवक्ता और ऐरू स्टील प्रोसेसिंग प्लांट निर्माण कराओ संघर्ष समिति के संयोजक विजय कुमार मिट्ठू प्रमुख रूप से शामिल थे। उनके साथ धर्मेंद्र कुमार निराला, डॉक्टर विजय कुमार शर्मा, युगल किशोर सिंह, राजेश्वर पासवान और शिव कुमार चौरसिया भी मौजूद थे। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि यह परियोजना केवल एक उद्योग नहीं, बल्कि मध्य-दक्षिण बिहार के विकास और रोजगार से सीधे तौर पर जुड़ी हुई है।
नेताओं ने बताया कि 8 दिसंबर 2008 को इस स्टील प्रोसेसिंग प्लांट का शिलान्यास किया गया था। इसके बाद स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) द्वारा करीब 31 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया गया और किसानों को मुआवजा भी दिया गया। इतना ही नहीं, राज्य सरकार की ओर से पांच साल बाद अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी जारी कर दिया गया। इसके बावजूद अब तक प्लांट का निर्माण कार्य शुरू नहीं होना बेहद निराशाजनक है।
इस देरी के कारण गया जिले सहित पूरे मध्य-दक्षिण बिहार के लोगों में भारी मायूसी और आक्रोश है। स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि प्लांट के शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी जब जमीन पर कोई काम शुरू नहीं हुआ, तो लोगों का भरोसा लगातार टूटता गया।
कांग्रेस नेताओं ने यह भी बताया कि ऐरू स्टील प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण को लेकर संघर्ष समिति पिछले कई वर्षों से लगातार आंदोलन कर रही है। इस दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर कई बार धरना दिया गया और संबंधित मंत्रालयों को ज्ञापन सौंपे गए। इसके अलावा, गयाजी में माननीय प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान गयाजी के सांसद और केंद्रीय लघु उद्योग मंत्री जीतन राम मांझी ने भी इस प्लांट का निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग उठाई थी।
प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी से आग्रह किया कि वे इस मामले में व्यक्तिगत रुचि लेते हुए ऐरू, वजीरगंज, गयाजी स्थित स्टील प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण कार्य को अविलंब शुरू कराने का निर्देश दें। नेताओं का कहना था कि इतने लंबे समय से लंबित परियोजना का शीघ्र शुरू होना न सिर्फ क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी है, बल्कि इससे जनता का भरोसा भी बहाल होगा।
कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मांग को गंभीरता से लेगी और वर्षों से अधर में लटके इस महत्वपूर्ण उद्योग को धरातल पर उतारने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
