अरवल में बाढ़ से छह मौतों पर बसपा के सवाल, एक परिवार को मिला मुआवजा तो पांच अब भी इंतजार में

Share this News

अरवल, बिहार, 11 सितंबर 2026। अरवल जिले में बाढ़ के दौरान हुई जनहानि और मृतक परिवारों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने सरकार और जिला प्रशासन से जवाब मांगा है। कुर्था प्रखंड के वरिष्ठ बसपा नेता सह जीप सदस्य रंजन यादव ने जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार और जिला महासचिव कामेश्वर दास के साथ बाढ़ से हुए नुकसान, किसानों की फसल क्षति और कलेर प्रखंड के बाथे गांव में बालू खनन के दौरान दो युवकों की मौत के मामले को लेकर सवाल उठाए।

बसपा नेताओं ने कहा कि इन मुद्दों को उठाने का मकसद किसी व्यक्ति विशेष पर व्यक्तिगत आरोप लगाना नहीं है। उनकी मांग है कि आपदा में प्रभावित परिवारों को समान रूप से राहत मिले, किसानों को फसल नुकसान का उचित मुआवजा मिले और बाथे हादसे में जान गंवाने वाले युवकों के परिवारों को न्याय मिले।

शिवम कुमार के परिवार को सहायता मिलने पर जताया आभार

बसपा नेताओं ने विथरा सेनानी नहर में स्नान के दौरान हुई शिवम कुमार की मौत के बाद उनके परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार और स्थानीय प्रशासन के प्रति आभार जताया।

उन्होंने बताया कि अरवल जिले के प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश, जिलाधिकारी अमृता बौंस और विधायक पप्पू वर्मा ने बाढ़ प्रभावित शादीपुर गांव का दौरा किया था। इसके बाद छतोंई गांव पहुंचकर मृतक शिवम कुमार के परिजनों से मुलाकात की गई और उन्हें 48 घंटे के भीतर चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक उपलब्ध कराया गया।

बसपा नेताओं ने इस कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए प्रभारी मंत्री, जिलाधिकारी और विधायक के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

एक परिवार को 48 घंटे में मदद, बाकी पांच क्यों इंतजार में?

इसी के साथ बसपा नेताओं ने प्रशासन से सवाल किया कि यदि शिवम कुमार के परिवार को 48 घंटे के भीतर अनुग्रह राशि दी जा सकती है, तो बाढ़ के दौरान जान गंवाने वाले अन्य पांच लोगों के परिवारों को अब तक सहायता क्यों नहीं मिली।

बसपा की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार कुर्था और करपी प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ के दौरान कुल छह लोगों की मौत हुई। इनमें केवल शिवम कुमार के परिवार को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि मिलने की बात कही गई है, जबकि पांच अन्य मामलों में राशि लंबित बताई गई है।

बताई गई सूची के अनुसार ग्राम कमरिया, कुर्था के विराज सिंह, ग्राम मदारपुर, कुर्था की शांति देवी, जहानाबाद के ग्राम कसई निवासी उपेन्द्र मालाकार, जिनकी घटना धमौल, कुर्था में हुई, करपी प्रखंड के सेलारपुर निवासी रिपु कुमार और करपी के अलावलचक निवासी सुमंत्री देवी के परिवारों को अनुग्रह राशि मिलने का इंतजार है।

समान राहत की मांग

बसपा नेताओं ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि सभी मृतक परिवारों के मामलों की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और पात्र परिवारों को बिना किसी भेदभाव के अनुग्रह राशि उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने किसानों की फसल क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग भी रखी। इसके अलावा कलेर प्रखंड के बाथे गांव में बालू खनन के दौरान दो युवकों की मौत के मामले में भी जिम्मेदारी तय करने और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की गई।

बसपा नेताओं का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के बाद राहत और मुआवजा प्रक्रिया में पारदर्शिता जरूरी है। उनका सवाल है कि जब एक प्रभावित परिवार को समय पर सहायता दी जा सकती है, तो समान परिस्थितियों में बाकी परिवारों को राहत के लिए लंबा इंतजार क्यों करना पड़ रहा है।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *