अरवल, बिहार | 22 सितंबर 2026: प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना को राज्य में गति देने और अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ने के उद्देश्य से बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना की शुरुआत की है। पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों में किया गया।
इसी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने वाले बिहार के 25 हजार लाभार्थियों को राज्य सरकार की अतिरिक्त वित्तीय सहायता का हस्तांतरण किया गया।
अरवल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में जुड़े अधिकारी
राज्यस्तरीय कार्यक्रम के अवसर पर अरवल स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में कुर्था विधायक पप्पू वर्मा, जिलाधिकारी अमृषा बैंस, उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
पटना से मुख्यमंत्री द्वारा योजना के शुभारंभ और कार्यक्रम की जानकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अरवल में मौजूद लोगों को दिखाई गई।
इस अवसर पर विद्युत विभाग की ओर से विद्युत कार्यपालक अभियंता अरवल ई. सोमनाथ पासवान कुमार, सहायक एवं कनीय विद्युत अभियंता सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

नौ सोलर रथों को दिखाई गई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा के लाभ और इसके उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से नौ सोलर रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसके अलावा ‘सोलर सेवा सेतु कैंप’ का निरीक्षण किया गया और पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों से संवाद भी किया गया।
केंद्र से 78 हजार तक की सहायता
प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र सरकार की मौजूदा केंद्रीय वित्तीय सहायता व्यवस्था के अनुसार आवासीय उपभोक्ताओं को पहले 2 किलोवाट तक ₹30,000 प्रति किलोवाट और अतिरिक्त 1 किलोवाट क्षमता पर ₹18,000 प्रति किलोवाट की सहायता दी जाती है। 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर केंद्रीय सहायता अधिकतम ₹78,000 तक सीमित है।
इस हिसाब से 3 किलोवाट के रूफटॉप सोलर सिस्टम पर केंद्र की ओर से अधिकतम ₹78,000 की सहायता मिल सकती है।
बिहार सरकार देगी अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि
राज्य सरकार की ओर से भी पात्र लाभार्थियों को अतिरिक्त वित्तीय सहायता देने की घोषणा की गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार बिहार में 1 किलोवाट के लिए ₹10,000 तथा 2 और 3 किलोवाट के सिस्टम के लिए ₹20,000 की अतिरिक्त सहायता का प्रावधान किया गया है।
इस तरह 3 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने वाले पात्र उपभोक्ता को केंद्र की अधिकतम ₹78,000 की सहायता के साथ बिहार सरकार की ₹20,000 की अतिरिक्त सहायता मिलाकर अधिकतम ₹98,000 तक का कुल प्रोत्साहन मिल सकता है।
बिजली बिल कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना के उद्देश्यों, लाभ और वित्तीय सहायता के प्रावधानों की जानकारी दी गई।
अधिक से अधिक पात्र परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ने के साथ सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। राज्य सरकार की पहल का उद्देश्य घरेलू स्तर पर सौर ऊर्जा को प्रोत्साहित करने, बिजली खर्च को कम करने और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाने से जुड़ा है।
बिहार सरकार के इस कार्यक्रम के तहत 25 हजार लाभार्थियों को अतिरिक्त सहायता हस्तांतरित किए जाने और नई प्रोत्साहन योजना शुरू किए जाने से राज्य में रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने की दिशा में एक नया चरण शुरू हुआ है।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
