अरवल (बिहार), 20 नवंबर 2026: बिहार सरकार के पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने राज्य के सभी जिलों में संचालित 39 अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना के तहत पात्र छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवासीय सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस संबंध में अरवल की पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी सुश्री प्रिया कुमारी ने बताया कि अरवल जिले के सोनभद्र वंशी सूर्यपुर में भी अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 विद्यालय संचालित है। इसमें नामांकन के लिए इच्छुक छात्राएं विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://bcebconline.bihar.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तारीख 29 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन भरते समय अभ्यर्थियों को जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र, फोटोग्राफ और हस्ताक्षर निर्धारित स्थान पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि नामांकन और प्रवेश परीक्षा की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क होगी। वहीं, आवेदन करने वाली छात्राओं की जन्मतिथि उनके शैक्षणिक प्रमाण-पत्र या विद्यालय परित्याग प्रमाण-पत्र में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर मान्य होगी।
नामांकन प्रक्रिया के लिए विभाग ने विभिन्न तारीखें भी निर्धारित की हैं। इसके अनुसार ऑनलाइन आवेदन 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुका है और प्रवेश-पत्र 11 जनवरी से उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है। प्रवेश परीक्षा 17 जनवरी 2027, रविवार को आयोजित होगी।
परीक्षा के बाद 5 फरवरी 2027 को प्राप्तांक प्रकाशित किए जाएंगे, जबकि मेधा सूची 12 फरवरी 2027 को जारी होगी। इसके बाद 15 फरवरी से 27 फरवरी 2027 तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं 1 अप्रैल 2027 से शुरू होंगी।
पात्र छात्राओं और अभिभावकों से आवेदन की अपील
अरवल की पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी सुश्री प्रिया कुमारी ने जिले की सभी पात्र छात्राओं और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन जरूर करें।
उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग की छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक माहौल और आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें और अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद / सुजीत कुमार सोनी.
