अरवल में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान शुरू, 486 स्थानों पर चलेगा सफाई अभियान

Share this News

अरवल, बिहार, 17 सितंबर 2026: भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से देशभर में चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान 2026 की शुरुआत अरवल जिले में भी हो गई है। इस वर्ष यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य संदेश “स्वच्छता में सहभागः स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखा गया है।

‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी। इस वर्ष अभियान के तहत स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने और गांवों में साफ-सफाई को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

पांच प्रमुख क्षेत्रों पर रहेगा फोकस

स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत लक्षित स्वच्छता इकाइयों यानी Cleanliness Target Units (CTUs) का समयबद्ध रूपांतरण, स्वच्छ पाठशाला और युवाओं की भागीदारी, सफाई मित्रों की सुरक्षा एवं सम्मान, स्वच्छता के लिए जनभागीदारी और स्वच्छता से समृद्धि जैसे प्रमुख क्षेत्रों को अभियान में शामिल किया गया है।

अरवल जिले में अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें संध्या चौपाल, सामूहिक श्रमदान और गंदगी वाले चिन्हित स्थानों की सफाई जैसे कार्यक्रम प्रमुख हैं।

486 चिन्हित स्थानों पर चलेगा सफाई अभियान

अरवल के जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता समिति ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद जिला स्तरीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अभियान के उद्देश्य और इसकी गतिविधियों की जानकारी दी।

जिले के सभी प्रखंडों की पंचायतों में चिन्हित 486 स्वच्छता लक्षित इकाइयों (CTUs) पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसमें विभिन्न विभागों के साथ स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही गई है।

जिला पदाधिकारी ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से अभियान में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की, ताकि स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक जनसहयोग मिल सके।

स्वच्छता कर्मियों और पर्यवेक्षकों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। वार्ड स्तर पर सराहनीय कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मियों और ‘नमस्ते योजना’ के तहत स्वच्छता कर्मियों की शत-प्रतिशत प्रोफाइलिंग में योगदान देने वालों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

महादलित टोलों में शौचालय निर्माण और स्वच्छता से जुड़ी परिसंपत्तियों के रखरखाव में बेहतर कार्य करने वाले स्वच्छता पर्यवेक्षकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा वार्ड स्तरीय स्वच्छता कर्मियों को स्वच्छता सुरक्षा किट भी दी गई।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत हुआ पौधारोपण

कार्यक्रम के समापन चरण में जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अरवल समाहरणालय परिसर में पौधारोपण किया।

इस मौके पर जिला स्तरीय पदाधिकारियों के अलावा सभी प्रखंड समन्वयक, कर्मी, जनप्रतिनिधि और स्वच्छाग्रही मौजूद रहे। अधिकारियों ने अभियान में सामूहिक भागीदारी के जरिए स्वच्छता गतिविधियों को सफल बनाने का आह्वान किया।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *