उदय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुआ कार्यक्रम, वन विभाग के सौजन्य से बच्चों के बीच बांटे गए 100 फलदार और छायादार पौधे
बिहार, 8 अगस्त 2026: जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय में प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बिहार पृथ्वी दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर वन विभाग, औरंगाबाद के सौजन्य से प्राप्त 100 फलदार और छायादार पौधे बच्चों के बीच वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह ने बच्चों को पृथ्वी की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने घर जाकर अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पेड़ जरूर लगाएं। साथ ही उन्होंने बच्चों को पौधे के साथ सेल्फी लेकर स्कूल के व्हाट्सऐप ग्रुप में भेजने को कहा।
बच्चों को अपने आसपास के तालाब, नदी और पोखर को प्रदूषित नहीं करने की भी सलाह दी गई। वर्षा के पानी को बचाने और उसका संचय करने के लिए अपने परिवार के सदस्यों को भी प्रेरित करने को कहा गया। प्रधानाध्यापक ने बच्चों से बिजली का इस्तेमाल जरूरत के अनुसार करने की अपील की।
कार्यक्रम में बच्चों ने प्लास्टिक और पॉलिथीन के इस्तेमाल से बचने तथा इसकी जगह कागज या कपड़े के थैले का इस्तेमाल करने का संकल्प लिया। इसके साथ ही जीव-जंतुओं और पशु-पक्षियों के प्रति सद्भाव रखने के लिए भी बच्चों को प्रेरित किया गया।
प्रधानाध्यापक ने बच्चों को सलाह दी कि आसपास के जरूरी काम पैदल या साइकिल से पूरे करने की आदत डालें। उन्होंने खुले में शौच नहीं करने की सरकार की मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भी बच्चों से अपील की।
इस अवसर पर वन विभाग की ओर से पहुंचे वनकर्मी पुष्पलता और अवतार कुमार ने भी बच्चों को पृथ्वी को हरियाली का आवरण देने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका शिवांशी सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शिक्षिका रीता कुमारी ने किया।
रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.
