अरवल में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

Share this News

अरवल, बिहार, 11 सितंबर 2026। जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को प्रभावी ढंग से लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी सिलसिले में बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक हुई। बैठक में अभियान के उद्देश्य, प्रस्तावित कार्यक्रमों और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

अरवल से जिलाधिकारी अमृषा बैंस, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार समेत संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए।

बैठक में बताया गया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान का मकसद सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है। इसके साथ ही सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में आम लोगों को जानकारी देने और ज्यादा से ज्यादा लाभार्थियों एवं नागरिकों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

जिले से पंचायत स्तर तक होंगे कार्यक्रम

अभियान के दौरान जिला, प्रखंड, पंचायत और संस्थागत स्तर पर कई रचनात्मक तथा जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन की कोशिश होगी कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी सिर्फ सरकारी कार्यालयों तक सीमित न रहे, बल्कि आम लोगों तक सीधे पहुंचे।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा और उन्हें दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इस गतिविधि में नगर निकायों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों, जन वितरण प्रणाली दुकानदारों, गैस वितरकों और पंचायत सरकार भवन समेत विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा

‘सेवा चित्र’ के तहत स्कूलों और कॉलेजों में चित्रकला तथा भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और जनकल्याण जैसे विषयों पर अपनी सोच और रचनात्मकता सामने रखने का अवसर मिलेगा।

वहीं ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम में प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और उनकी उपलब्धियों को नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं से जुड़े संदेश को ज्यादा प्रभावी और सरल तरीके से आम लोगों तक पहुंचाना है।

आंगनबाड़ी सेविकाओं के योगदान को मिलेगा सम्मान

‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत बच्चों और उनके अभिभावकों को आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं कर्मियों के योगदान से जोड़ने की योजना है। इस दौरान उनकी सेवाओं के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया जाएगा।

इसी तरह ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों की सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी। इन अनुभवों को लघु कथाओं या रील के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि दूसरे लोग भी योजनाओं के लाभ और उनके असर को समझ सकें।

‘सेवा ज्योति यात्रा’ से बढ़ेगी जागरूकता

अभियान के दौरान ग्राम पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके जरिए सरकारी योजनाओं और पूरे अभियान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी।

वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को समाज सेवा से जुड़े कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

समस्याओं के समाधान पर रहेगा फोकस

‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ की तर्ज पर लोगों की शिकायतें और समस्याएं सुनी जाएंगी। प्रशासन की ओर से इनके जल्द और प्रभावी समाधान पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई है।

इसके अलावा ‘सेवा के रंग’ के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं को रचनात्मक अंदाज में प्रदर्शित करने के लिए ह्यूमन रंगोली का आयोजन किया जाएगा।

नवाचार को भी मिलेगा मंच

अभियान में Hackathon एवं Innovation Challenge को भी शामिल किया गया है। इसके जरिए नए और उपयोगी विचारों तथा नवाचार करने वाले लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा। चयनित नवाचारों को प्रदर्शनी, संवाद और लाइव डेमो के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

जिला प्रशासन, अरवल के मुताबिक ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सिर्फ सरकारी कार्यक्रम के तौर पर नहीं, बल्कि सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण को आम लोगों से जोड़ने वाली व्यापक पहल के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ समाज के अलग-अलग वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान रहेगा।

रिपोर्ट : विश्वनाथ आनंद.

Share this News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *